कैंची धाम में भक्तों की मुरादें होती हैं पूरी, मेरी भी हुई पूरी : सीमा राय
रांची: झारखंड की समाजसेवी एवं झामुमो नेत्री सीमा राय ने कहा कि उत्तराखंड के नैनीताल स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम में सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है। उन्होंने कहा कि बाबा नीम करौली के इस पावन धाम में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं के साथ पहुंचते हैं और उनकी इच्छाएं पूर्ण होती हैं।
गौरतलब है कि सीमा राय के पति सह झामुमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष बैद्यनाथ राम को झामुमो ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। सीमा राय पिछले एक सप्ताह से कैंची धाम में पूजा-अर्चना और आध्यात्मिक साधना के लिए गई हुई थीं। इसी दौरान उन्हें यह सूचना मिली कि झामुमो ने उनके पति बैद्यनाथ राम को राज्यसभा चुनाव का उम्मीदवार घोषित किया है।
शनिवार को रांची लौटने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सीमा राय ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कैंची धाम में स्थित हनुमान मंदिर और बाबा नीम करौली महाराज के मंदिर में उन्होंने झारखंड की खुशहाली, राज्य की प्रगति तथा अपने परिवार के सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की थी। बाबा के आशीर्वाद से उनकी मनोकामना पूरी हुई और उनके पति को राज्यसभा चुनाव लड़ने का अवसर मिला।
सीमा राय ने कहा कि यह उनके परिवार के लिए गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने बाबा नीम करौली महाराज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी आस्था पहले से और मजबूत हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा का आशीर्वाद आगे भी उनके परिवार और झारखंड की जनता पर बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह एक बार फिर कैंची धाम जाकर बाबा के दरबार में माथा टेकेंगी और विशेष पूजा-अर्चना करेंगी।



