रांची में नए पुलिस अधिकारियों ने की मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट, सुरक्षा-व्यवस्था पर हुई चर्चा
गणादेश,रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (शहर) पारस राणा तथा पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह ने शिष्टाचार भेंट की। कार्यभार संभालने के बाद तीनों अधिकारियों की यह मुख्यमंत्री से पहली औपचारिक मुलाकात थी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तीनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं और राजधानी रांची की शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में सक्रिय पहल करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची झारखंड की राजधानी है, इसलिए यहां की सुरक्षा व्यवस्था पूरे राज्य के लिए उदाहरण बने। उन्होंने ट्रैफिक सिस्टम को दुरुस्त करने, शहर में बढ़ती भीड़-भाड़ और जाम की समस्या को कम करने, साथ ही आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री और अधिकारियों के बीच आपसी तालमेल, पुलिस-प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अपेक्षा जताई कि नए अधिकारियों के आने से रांची में कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
गौरतलब है कि हाल ही में राजधानी में पुलिस अधिकारियों का तबादला हुआ है। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, एसपी (सिटी) पारस राणा और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद अपनी प्राथमिकताओं में सुरक्षा व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट और जनता के साथ संवाद को रखा है।
मुख्यमंत्री के साथ हुई इस मुलाकात को राजधानी की सुरक्षा रणनीति और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



