खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से की मुलाकात

खूंटी: खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा ने मंगलवार को झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से शिष्टाचार मुलाकात कर खूंटी तमाड़, तोरपा, कोलेबिरा, सिमडेगा,खरसावां विधानसभा क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर गंभीर चर्चा की।
इस मुलाकात के दौरान सांसद मुंडा ने हाल ही में क्षेत्र में हुई भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए खूंटी-सिमडेगा मुख्य पथ में स्थित पेलौल पुल के क्षतिग्रस्त होने पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने आग्रह किया कि पुल की निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कर आवागमन को बहाल किया जाए, ताकि ग्रामीणों को होने वाली असुविधा दूर हो सके।
सांसद ने यह भी रेखांकित किया कि तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के सलगाडीह केनाल पथ की स्थिति अत्यंत जर्जर है और यह ग्रामीणों के लिए एकमात्र संपर्क मार्ग है। उन्होंने मंत्री महोदया से अनुरोध किया कि इस मार्ग के निर्माण को तत्काल प्राथमिकता दी जाए और प्रक्रिया को जल्द धरातल पर उतारा जाए।
इस दौरान सांसद मुंडा ने खूंटी लोकसभा क्षेत्र की ग्रामीण संरचना, कृषि आधारित अर्थव्यवस्था, जनजातीय आबादी की विशेष आवश्यकताओं और शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई जैसे बुनियादी ढांचे की मजबूती पर केंद्रित दीर्घकालिक विकास योजना की आवश्यकता पर भी बल दिया।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सांसद द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित करने का आश्वासन दिया ताकि मरम्मत कार्यों और नई योजनाओं की प्रक्रिया गति पकड़े।
सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि वे क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर सदैव संवेदनशील हैं और केंद्र तथा राज्य स्तर पर जनहित से जुड़े हर मंच पर अपनी आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *