खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने एचईसी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में भ्रमण किया

गणादेश,रांची: खिजरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप ने सोमवार को एचईसी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण किया। उन्होंने मां दुर्गा की आराधना कर राज्यवासियों के लिए सुख, समृद्धि, शांति एवं प्रगति की कामना की। पूजा पंडालों में पहुंचने पर स्थानीय समितियों एवं श्रद्धालुओं ने विधायक का भव्य स्वागत किया।
पूजा पंडालों के भ्रमण के दौरान विधायक राजेश कच्छप ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। समिति के सदस्यों ने पंडाल प्रबंधन, बिजली, सड़क, सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छता जैसे मुद्दों को उनके समक्ष रखा। विधायक ने भरोसा दिलाया कि उनकी सभी समस्याओं का समाधान शीघ्र ही किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा का पर्व सामाजिक सौहार्द, एकजुटता और आस्था का प्रतीक है। ऐसे अवसरों पर समाज के सभी वर्ग एक साथ आकर मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं, जिससे आपसी भाईचारा और मजबूत होता है। उन्होंने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा न सिर्फ धार्मिक आस्था से जुड़ा पर्व है, बल्कि यह हमारी संस्कृति और परंपरा को भी जीवंत बनाए रखता है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और श्रद्धालु मौजूद रहे। विधायक के साथ क्षेत्र के कई स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक भी भ्रमण में शामिल हुए। पूरे इलाके में दुर्गा पूजा को लेकर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *