पत्रकार नवीन मिश्र का रांची में हुआ अंतिम संस्कार,नेताओं व पत्रकारों ने शोक व्यक्त किया
पटना। दैनिक जागरण के बिहार व झारखंड में पूर्व ब्यूरो चीफ़ रहे पटना सिटी निवासी नवीन कुमार मिश्र का अंतिम संस्कार रांची के मुक्तिधाम में हुआ। बड़े भाई पंकज वत्सल ने मुखाग्नि दी। फरवरी में सड़क दुर्घटना में चोटिल हाने के बाद श्री मिश्र ब्रेन हेमरेज के शिकार हो गए थे। दो बार आपरेशन होने के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। रानी बगान (बरियातू, रांची) स्थित उनके आवास से शव यात्रा निकली। प्रेस क्लब पहुंचने पर बड़ी संख्या में पत्रकार मित्रों ने उनके शव पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी श्रद्धा निवेदित की। श्री मिश्र इन दिनों ‘आऊट लुक’ पत्रिका के झारखंड हेड थे।बिहार के वरिष्ठ पत्रकार रामजी मिश्र मनोहर के तृतीय सुपुत्र नवीन वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानवर्धन मिश्र के छोटे भाई थे।
नवीन मिश्र के निधन पर बिहार एवं झारखंड के बड़ी संख्या में नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। बिहार विधान सभा के अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने अपने शोक संदेश में कहा कि अनुजवत नवीन का असामयिक निधन पत्रकारिता के लिए गहरी क्षति है। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने कहा कि बिहार के पत्रकार घराने से आने वाले नवीन जी निधन उनकी व्यक्ति क्षति है। बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष महेश कुमार सिंह, एन यू जे के अध्यक्ष राकेश प्रवीर, पटना महानगर भाजपा के अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, पूर्व डिप्टी मेयर संतोष कुमार मेहता,भाजपा नेता प्रेम रंजन पटेल, लल्लू शर्मा, कांग्रेस नेता राज कुमार राजन, परवेज अहमद, राकेश कपूर बड़ी संख्या में नेताओं ने नवीन मिश्र के निधन पर दुख व्यक्त किया है।
बिहार-झारखंड में शोक की लहर
पत्रकार नवीन कुमार मिश्र के असामयिक निधन पर राजद नेताओं ने शोक प्रकट करते हुए इसे पत्रकारिता जगत में अपूर्णीय क्षति बताया है। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी,नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल, सांसद डॉ मीसा भारती, डॉ मनोज झा,संजय यादव,प्रदेश के प्रधान महासचिव रणविजय साहू एवं प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने अपने शोक-संदेश में कहा कि पत्रकारिता उनके धर्म और कर्म में बसा था। आज के समय में उनकी निष्पक्ष पत्रकारिता एक मिशाल के तौर पर याद की जाएगी। अपने सरल और मृदुल स्वभाव के कारण वे सबों के प्रिय थे। पत्रकारिता उन्हें अपने पिता स्व रामजी मिश्र मनोहर और बड़े भाई ज्ञानवर्धन मिश्र से विरासत में मिली थी। काफी दिनों तक बिहार में पत्रकारिता करने के बाद वे झारखंड चले गए थे और कई प्रतिष्ठित समाचार-पत्रों में ब्यूरो प्रमुख से लेकर सम्पादक के रूप में अपनी सेवा दी थी।
झारखंड भाजपा ने जताया शोक
नवीन कुमार मिश्र के निधन पर झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य ने एक सहज सरल व्यक्तित्व के धनी ,पत्रकारिता जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले पत्रकार को खो दिया है। यह अपूरणीय क्षति है।
श्री मरांडी दिवंगत आत्मा की शांति केलिए ईश्वर से प्रार्थना की। कहा कि दुख की बेला में भगवान परिजनों को धैर्य साहस प्रदान करें।
शोक व्यक्त करने वालों में कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू, डॉ प्रदीप वर्मा, मनोज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, कोषाध्यक्ष दीपक बंका, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाइक,बिहार प्रेस मेन्स यूनियन ( संबद्ध आई एफ डबल्यू जे) के संस्थापक अध्यक्ष,एस एन श्याम,प्रदेश अध्यक्ष,अनमोल कुमार, प्रदेश महासचिव,राजकिशोर सिंह,प्रदेश सचिव, संजय कुमार तिवारी,अवधेश कुमार शर्मा आदि शामिल हैं।



