झामुमो का राज्यपाल पर आरोप,जिला भ्रमण में सिर्फ केंद्र की योजनाओं का करते हैं बखान

रांची: राजभवन की कार्यशैलियों पर एक बार फिर झामुमो नाराज है। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के प्रमंडलों में जनसंवाद कार्यक्रम झामुमो को खटकने लगा है। झामुमो इसे भाजपा का 2024 जीतने का प्लान देख रही है। झामुमो ने राज्यपाल पर आरोप लगाते हुए कहा है कि जिले का दौरा और जनसंवाद कार्यक्रम में राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विकास योजनाओं का बखान नहीं कर रहे हैं। राज्यपाल सिर्फ केंद्र सरकार की योजना शौचालय,उज्ज्वला योजना आदि का बखान करते हैं। बुधवार को झामुमो कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्रीय प्रवक्ता सह महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने यह बातें कही। उन्होंने कहा कि साढ़े तीन सालों में भाजपा विधानसभा में अपना नेता तक नहीं चुन पाई है।
भाजपा को इसके लिए भाड़े पर आदमी लाना पड़ता है।उन्होंने कहा कि अब तो एक नया कमाल भी होना शुरू हो गया है। भाजपा बार बार राजभवन जाने लगी है। भाजपा मिशन -2024 की तैयारी राज्यपाल के माध्यम से सभी प्रमंडलों में दौरा कर लोगों से संवाद कर रही है। जनसंवाद में क्या बोलना है,लोगों को भाजपा में वोट देने के लिए चुनाव में कैसे तैयार करना है यह भाजपा राजभवन से रणनीति तैयार कर रही है।
श्री भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में अब एक नया ट्रेंड शुरू हुआ है एक तो केंद्रीय मंत्री हर हफ्ते यहां आ रहे हैं। वह 9 साल 9 साल मोदी जी मोदी जी कहीं रहे हैं। अब एक एडिशनल चार्ज भी मिल गया है। अब राज्यपाल भी जगह-जगह जाकर वही कार्य कर रहे हैं। राज्यपाल के कार्यक्रमों में दो ही तस्वीरें छप रही है पीएम मोदी की और राज्यपाल का। साथ ही अपने भाषणों में दादागिरी दिखाते हैं।
श्री भट्टाचार्य ने कहा कि झामुमो का जब से हरमू में कार्यालय खुला है तब से भाजपा हरमू में नजर नहीं आ रही है। भाजपा का राजभवन के आसपास कचहरी चौक पर कार्यालय खुलने वाला है,वहां से राजभवन भी नजदीक होगा। राज्य सरकार अस्थिर करने की भाजपा लाख कोशिश कर ले,जनता ऐसा होने नहीं देगी।
2024 में भाजपा का झारखंड सहित पूरे देश से सुफड़ा साफ हो जायेगा। राज्य की जनता 2024 में भी हेमंत सोरेन को ही मुख्यमंत्री बनाने वाली है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की अनर्गल प्रलाप को राज्यपाल यदि इंटरटेन करेंगे तो राज की बड़ी क्षति होगी। राजसभा के सांसद दीपक प्रकाश विधानसभा के स्पीकर को बर्खास्त करने की बात करते हैं। स्पीकर कोई फोर्थ ग्रेड का स्टाफ है क्या।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *