64वीं रांची जिला स्तरीय सुब्रतो फुटबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज
रांची : 64वीं रांची जिला स्तरीय सुब्रतो फुटबॉल प्रतियोगिता का शानदार उद्घाटन बुधवार को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बालिका, बारियातू, रांची में हुआ। इस अवसर पर अंडर-17 बालिका वर्ग के टूर्नामेंट का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची, श्री उत्कर्ष कुमार द्वारा किया गया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, और जिला शिक्षा अधीक्षक बदल राज ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन समारोह में रांची जिला फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव आसिफ नईम, रांची रेफरी एचओआर फरीद खान, और झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के प्रतिनिधि श्री निशिकांत पाठक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
उद्घाटन के दौरान गुब्बारे उड़ाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया गया। बारिश के बीच आयोजित इस समारोह ने फुटबॉल के प्रति खिलाड़ियों के जुनून को और बढ़ा दिया। अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार ने अपने संबोधन में कहा, “ऐसे आयोजनों को देखकर मन प्रसन्न हो जाता है। बालिकाओं का फुटबॉल के प्रति प्रेम और उत्साह देखते ही बनता है। बारिश के बीच फुटबॉल का यह खेल और भी रोमांचक हो जाता है। आज ये बच्चियां यहां खेल रही हैं, कल ये बड़े-बड़े क्लबों और देश के लिए जरूर खेलेंगी।” जिला शिक्षा अधीक्षक बदल राज ने कहा, “सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल टूर्नामेंट एक बड़ा मंच है, जो स्कूली बच्चों को अपनी प्रतिभा तराशने का अवसर प्रदान करता है। इस तरह के आयोजन बच्चों का उत्साह बढ़ाते हैं और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
64वीं सुब्रतो फुटबॉल प्रतियोगिता में अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालक, और अंडर-17 बालिका वर्ग की टीमें हिस्सा ले रही हैं। अंडर-15 और अंडर-17 बालक वर्ग के मुकाबले खेल गांव के प्रैक्टिस ग्राउंड में आयोजित हो रहे हैं, जबकि अंडर-17 बालिका वर्ग के मैच मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बालिका, बारियातू में खेले जा रहे हैं। प्रत्येक वर्ग में 19-19 टीमें भाग ले रही हैं, और टूर्नामेंट नॉकआउट आधार पर खेला जा रहा है।



