भागलपुर: स्वर्णिका ज्वेलर्स से रंगदारी मांगने वाला युवक मोहाली से गिरफ्तार

भागलपुर। कोतवाली थाना अंतर्गत स्वर्णिका ज्वेलर्स के मालिक से रंगदारी मांगने वाले आरोपी को पुलिस ने पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रंगदारी नहीं देने पर लूट की धमकी दी थी। मामले में कोतवाली थाना में कांड संख्या 73/25 के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी तथा नगर पुलिस उपाधीक्षक-01 के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान के आधार पर SIT ने आरोपी विराज आनंद को मोहाली से गिरफ्तार किया।

विराज आनंद, पिता यशवंत भगत, सिंघेश्वर मलिक टोला, थाना सिंघेश्वर, जिला मधेपुरा का निवासी है। वह पूर्व में पारा मेडिकल का छात्र रहा है। पुलिस के अनुसार, ब्रेकअप के बाद वह नशे का आदी हो गया और ऑनलाइन जुए में तीन लाख रुपये कर्ज में फंस गया। इसके बाद उसने परिवार से व्यापार के नाम पर पांच लाख रुपये लिए, जिन्हें उसने फिर जुए में गंवा दिया।

कर्ज चुकाने के लिए आरोपी ने गूगल से बिहार और पंजाब के स्वर्ण व्यवसायियों के नंबर खोजे और रंगदारी मांगने की साजिश रची। भागलपुर, पटना, सहरसा, पूर्णिया और लुधियाना के व्यवसायियों को फोन कर धमकी दी गई। भागलपुर में डर का माहौल बनाने के लिए उसने उदाकिशुनगंज (मधेपुरा) निवासी दुर्गा यादव का नाम उपयोग किया।

पुलिस ने आरोपी के पास से वह मोबाइल फोन (जिससे रंगदारी की कॉल की गई थी), चेकबुक, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड जब्त किया है।

इस मिशन में SIT टीम के लीडर अजय कुमार चौधरी, पुनि अरुण कुमार, थानाध्यक्ष, कोतवाली, पुनि रंजीत कुमार, प्रभारी, डीआईयू,पुअनि राहुल कुमार, कोतवाली थाना,पुअनि अभय कुमार, डीआईयू,सिपाही शत्रुधन कुमार (476),सिपाही कमलेश कुमार (1761) की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *