झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति डाॅ. एसएन पाठक पहुंचे खूंटी, सोनमेर मंदिर में की पूजा-अर्चना

खूंटी: झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति डाॅ एसएन पाठक का शनिवार को खूंटी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कर्रा प्रखंड स्थित मां देवी मंदिर सोनमेर में पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में कल्पतरु, रुद्राक्ष, रक्त चंदन आदि के पौधे का रोपण किया गया। न्यायमूर्ति ने राजकीकृत +2 उच्च विद्यालय कर्रा, खूंटी में विधिक साक्षरता क्लब का उद्घाटन किया। साथ ही कानूनी साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायमूर्ति डाॅ एसएन पाठक, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष सत्य प्रकाश, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, उप विकास आयुक्त नीतीश कुमार सिंह, डीएफओ कुलदीप मीणा, एसडीओ अनिकेत सचान सहित अन्य के द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस दौरान न्यायमूर्ति ने साक्षरता क्लब के कमरे का निरीक्षण किया। साथ ही उपलब्ध कानून संबंधित पुस्तकों, पर्चों का अवलोकन किया। उक्त पुस्तकें डालसा, खूंटी द्वारा उपलब्ध करायी गई हैं। स्कूल प्रबंधन द्वारा क्लब में फर्नीचर, कम्प्यूटर एवं टीवी की व्यवस्था की गई है। मौके पर न्यायमर्ति ने विद्यार्थियों से सवाल पूछा जिनका उत्तर उन्होंने आत्मविश्वास के साथ दिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को उक्त क्लब में उपलब्ध कानून संबंधित किताबों एवं पाठ्य सामग्रियों को पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
आयोजित कानूनी साक्षरता शिविर में माननीय न्यायमूर्ति डाॅ एसएन पाठक ने कहा कि खंूटी जिले का 25 वां लीगल लिट्रेसी क्लब छात्र-छात्राओं के लिए एक मार्गदर्शक के तौर पर कार्य करेगा। इस क्लब का उद्येश्य स्कूली बच्चे-बच्चियों को कानून संबंधित प्रारंभिक ज्ञान उपलब्ध कराना है ताकि सभी विद्यार्थी भविष्य में देश का एक सजग, जागरुक एवं मजबूत आर्दश बन कर राष्ट्र के प्रति अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि यह क्लब बच्चों-बच्चियों में कानून संबंधित ज्ञान का प्रकाश फैलाएगी और जीवन में किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद करेगी। इस दौरान विद्यार्थियों को उनके मूल अधिकारों एवं कर्तव्यों से अवगत कराया गया। उन्होंने एक महत्वपूर्ण विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कानून की जानकारियां प्राप्त करने के लिए वकील या जज होना जरुरी नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति को कानून की जानकारी होनी चाहिए। इसके लिए कानून संबंधित किताबों एवं पाठ्य सामग्रियों को अध्ययन करने की आवश्यकता होती है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा, खूंटी अध्यक्ष श्री सत्य प्रकाश ने छात्र-छात्राओं को जीवन में सफलता हासिल करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि अभी से कानून की जानकारी हासिल करने से आपका भविष्य उज्जल होगा।
कार्यक्रम में डालसा सचिव श्री मनोरंजन कुमार, न्यायिक दंडाधिकारी सह किशोर न्याय बोर्ड के तुषार आनंद, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कर्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *