झारखंड भाजपा ने घोषित की नई मीडिया टीम, योगेंद्र प्रताप सिंह को मीडिया प्रभारी का दायित्व
रांची: झारखंड भाजपा ने अपनी मीडिया और सोशल मीडिया टीम का पुनर्गठन करते हुए नई जिम्मेदारियों की घोषणा की है। पार्टी ने युवा और प्रतिभाशाली नेताओं को प्रमुख भूमिकाएं सौंपते हुए संगठन की विचारधारा, नीतियों और जनहित के मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की रणनीति बनाई है।
नई सूची के अनुसार, प्रतुल शाहदेव को प्रदेश भाजपा का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। इसके अलावा प्रदेश प्रवक्ता के रूप में 19 नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें प्रदीप सिन्हा, अजय साह, रमाकांत महतो, अभय सिंह, अमित मंडल, अविनेश कुमार, संदीप वर्मा, रविनाथ किशोर, रणधीर सिंह और दीनदयाल वर्णवाल सहित कई नेता शामिल हैं।
पार्टी की मीडिया टीम का दायित्व योगेंद्र प्रताप सिंह को मीडिया प्रभारी के रूप में सौंपा गया है। वहीं अजय राय, सतीश सिन्हा, मोहम्मद तारिक इमरान, नीरज सिंह और सूरज नाथ शाहदेव को मीडिया टीम का सदस्य बनाया गया है।
सोशल मीडिया टीम में राहुल अवस्थी को संयोजक नियुक्त किया गया है। रजनीश कुमार पांडेय, राहुल शाहदेव और प्रिया करमाली को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को तथ्यों एवं तर्कों के साथ जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की छवि को और मजबूत करने के लिए मीडिया एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आक्रामक और प्रभावी तरीके से पार्टी का पक्ष रखा जाएगा।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि नई मीडिया टीम संगठन की गतिविधियों, सरकार से जुड़े मुद्दों और जनहित के विषयों को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही यह टीम विभिन्न माध्यमों के जरिए पार्टी और आम लोगों के बीच संवाद को और मजबूत करने का काम करेगी।



