मुरहू प्रखंड में धान अधिप्राप्ति केंद्र का शुभारंभ, उप प्रमुख अरुण साबू ने सरकारी नियमों के अनुरूप वजन करने का दिया निर्देश
खूंटी: मुरहू प्रखंड अंतर्गत प्रखंड परिसर स्थित मुरहू लैम्प्स में सोमवार को धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख एलिस ओड़िया, उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर मुखिया ज्योति दोदरई, प्रखंड विकास पदाधिकारी रंजीत कुमार सिन्हा, अंचल अधिकारी शंकर विद्यार्थी, कोडकेल पंचायत की मुखिया सहित लैम्प्स के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान किसानों द्वारा लाए गए धान की गुणवत्ता की भी जांच की गई।
उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने लैम्प्स अध्यक्ष को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसानों द्वारा लाए गए धान का सरकारी नियमों के अनुरूप वजन किया जाए, रजिस्टर में सही प्रविष्टि की जाए तथा किसानों को पावती रसीद अनिवार्य रूप से दी जाए। साथ ही किसानों को यह भी जानकारी दी जाए कि भुगतान की संभावित तिथि क्या होगी और उनके बैंक खाते का केवाईसी पूर्ण है या नहीं, इसकी पुष्टि के बाद ही राशि का भुगतान किया जाए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी रंजीत कुमार सिंहा ने चेतावनी देते हुए कहा कि धान अधिप्राप्ति में किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अंचल अधिकारी शंकर विद्यार्थी ने निर्देश दिया कि जिन किसानों का अब तक निबंधन नहीं हुआ है, यदि वे धान लेकर आते हैं तो उनका तत्काल निबंधन सुनिश्चित किया जाए तथा निबंधन से संबंधित सभी कागजात शीघ्र अंचल कार्यालय में जमा किए जाएं, ताकि प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके धान की खरीद संभव हो सके।
इस अवसर पर उप प्रमुख ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी से धान अधिप्राप्ति केंद्र की नियमित जांच करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्र को समय-समय पर खुला रखा जाए। यदि लैम्प्स का गोदाम भर जाता है, तो वैकल्पिक भंडारण व्यवस्था हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से मांग की जाए, ताकि कोई भी किसान निराश होकर वापस न लौटे।
कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमसम्मत तरीके से धान अधिप्राप्ति की सुविधा उपलब्ध कराना बताया गया।



