तीन दिवसीय जेवियर उत्सव 2025 ‘अन्स्तासिस’ का भव्य शुभारम्भ
रांची:संत जेवियर्स कॉलेज, रांची में पूरे पाँच वर्षों के अंतराल के बाद तीन दिवसीय जेवियर उत्सव 2025 “अन्स्तासिस ” का शुभारम्भ सोमवार, 15 दिसंबर 2025 को भव्य रूप से हुआ। 15, 16 और 17 दिसंबर तक चलने वाले इस उत्सव का आयोजन संस्थान के 81वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में किया गया है।उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. फादर निकोलस टेटे, एसजे, विशिष्ट अतिथि डॉ. फादर सुधीर मिंज, एसजे तथा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फादर रोबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत एवं शास्त्रीय नृत्य ‘स्वागतम’ की प्रस्तुति के साथ हुई।
तीन दिवसीय उत्सव के पहले दिन विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक नृत्य, संगीत प्रस्तुतियाँ, आदिवासी नृत्य एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसने पूरे परिसर को उत्सवी रंग में रंग दिया।इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फादर रोबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे ने अपने संबोधन में कहा कि जेवियर उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सशक्त मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों से उत्सव के साथ साथ अपने लक्ष्य पर भी सदैव ध्यान बनाए रखने और जेवियर्स की पहचान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. फादर सुधीर मिंज, एसजे ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज द्वारा दिए जा रहे अवसरों का भरपूर लाभ उठाकर अपनी छिपी प्रतिभाओं को निखारें, एक-दूसरे का सम्मान करें और संस्थान का नाम रोशन करें।
मुख्य अतिथि डॉ. फादर निकोलस टेटे, एसजे ने कहा कि जेवियर्स की असली पहचान अनेकता में एकता है। यह उत्सव बेहतर टीमवर्क का प्रतीक है और यही टीम भावना कॉलेज को विशिष्ट पहचान प्रदान करती है। उन्होंने तीनों दिनों के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा वाद्ययंत्रों की प्रस्तुति, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर मेकिंग, कार्टून मेकिंग, मेहंदी आर्ट, क्रिएटिव राइटिंग, पेंट माई टी तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे कॉलेज परिसर में उत्साह और रचनात्मकता का माहौल देखने को मिला।
संगीत प्रतियोगिता VOXA के दौरान छात्रों ने बॉलीवुड गीतों, सूफी संगीत और ग़ज़लों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। निर्णायक मंडली के रूप में मोनिका मुंडू और रोहन पाठक ने भूमिका निभाई, जिसमें उदित जैन को प्रथम तथा सक्षम को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके बाद सोलो डांस और क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। मंच संचालन डॉ. कैप्टन प्रिया श्रीवास्तव एवं प्रो. शुभम कुजूर ने किया।
उत्सव के दौरान कॉलेज परिसर में प्रायोजकों द्वारा लगभग 20 स्टॉल लगाए गए, जिनमें कैटेलिस्ट आईएएस, टाटा मोटर्स और वीवो जैसी कंपनियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पहले दिन का समापन संध्या ए ग़ज़ल कार्यक्रम के साथ हुआ, जिसमें रोहनदेव पाठक और उज्ज्वल रॉय ने शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में डॉ. फादर निकोलस टेटे, एसजे, रेक्टर डॉ. फादर सुधीर मिंज, एसजे, प्राचार्य डॉ. फादर रोबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे, उप-प्राचार्य डॉ. फादर अजय अरुण मिंज, एसजे, फेस्ट संयोजक डॉ. जॉय चौधरी, डॉ. फादर प्रभात केनेडी सोरेंग, डॉ. फादर संजय केरकेट्टा, एसजे, डॉ. फादर रवि हेमंत कुजूर, एसजे, डॉ. संजय सिन्हा, डॉ. शिव कुमार सहित अन्य अतिथिगण, सभी विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



