अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर खूंटी जिले में भव्य आयोजन

खूंटी: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले में भव्य योग महोत्सव का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम का आयोजन जनजातिय मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयुष मंत्रालय के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा उपस्थित हुए। उन्होंने सभी जिलावासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “मानवता के लिए योग रखी गयी है। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत देश भर के 75 सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थानों पर योग दिवस मनाया गया, इनमें खूंटी जिला भी शामिल है।
इस दौरान मैसूर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के मुख्य कार्यक्रम के आयोजन का सीधा प्रसारण दिखाया गया। साथ ही प्रधानमंत्री के सम्बोधन को प्रदर्शित किया गया।
उक्त योग महोत्सव में योगाभ्यास के लिए राम कृष्ण मिशन के योग प्रशिक्षक उपस्थित हुए, जिनके द्वारा “कॉमन योग प्रोटोकॉल” के तहत योगाभ्यास कराया गया।
आयोजित योग कार्यक्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी/बल, कार्यालय के पदाधिकारी/कर्मी, पुलिस बल, प्रखण्ड कार्यालयों के पदाधिकारी/कर्मी, स्कूलों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा भाग लिया गया।

मौके पर योग प्रशिक्षक द्वारा विभिन्न लाभकारी योगासन किये गए व इनकी महत्ता से अवगत कराया गया। इस दौरान बताया गया कि योग हमारे जीवन से जुड़े भौतिक, मानसिक, भावनात्मक, आत्मिक और आध्यात्मिक, आदि सभी पहलुओं पर काम करता है। योग का अर्थ एकता या जुड़ना है। इस दौरान योग के कई लाभकारी आसन यथा खलासन, हलासन, वृक्षासन, उष्टासन व वज्रासन आदि आसन किये गए। एकता आसन, प्राणायाम, मुद्रा, बँध, षट्कर्म और ध्यान के अभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किये गए।
मौके पर पूरी एकाग्रता से योगासन किये गए व योग की महत्ता को आत्मसात किया गया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि योग मन, शरीर और आत्मा की एकता को सक्षम बनाता है। योग व्यायाम का एक ऐसा प्रभावशाली प्रकार है, जिसके माध्यम से न केवल शरीर के अंगों बल्कि मन मस्तिष्क और आत्मा में संतुलन बनाया जाता है।  उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को योग के प्रति प्रोत्साहित करें।
कहा कि यह तनावपूर्ण समाज में स्वस्थ बनाए रखने का मुख्य साधन योगा हैं। योग अस्थमा, मधुमेह, रक्तचाप, गठिया, पाचन विकार और अन्य बीमारियों में चिकित्सा का एक सफल विकल्प है।
उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर वर्तमान में योग को आत्मसात कर अपनी आंतरिक ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करें।
उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के लिए योग को अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि योग जीने का एक तरीका भी है और अपने आप में परम उद्देश्य भी। व्यावहारिक स्तर पर, योग शरीर, मन और भावनाओं को संतुलित करने और तालमेल बनाने का एक साधन है।

मौके पर बताया गया कि स्वस्थ्य जीवन में योग का बहुत महत्व है। योग से न सिर्फ स्वास्थ्य बेहतर होगा, बल्कि रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है। प्राणायाम व अन्य योगासन के माध्यम से नाक, गला आदि को पूर्णतया स्वच्छ रख सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के तहत आज देश भर के 75 सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थानों में योग दिवस मनाया जा रहा है। इनमें खूंटी जिला भी है। यह अवसर हम सभी के लिए गौरव के क्षण भी हैं। भगवान बिरसा की धरती निरन्तर विकासशील दिशा में अग्रसर है।

कार्यक्रम के दौरान अपर सचिव, जनजातिय मंत्रालय, भारत सरकार, सुश्री आर. जया द्वारा खूंटी जिलावासियों को योग के प्रति जागरूक दृष्टिकोण अपनाते हुए स्वस्थ्य जीवन शैली अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी की सहभागिता एवं सक्रिय भागीदारी यह आयोजन सफल हो पाया है।
स्वस्थ्य, तनावमुक्त एवं अनुशासित जीवन के लिए योग अत्यंत महत्वपूर्ण है। योग हमारी शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक विकास और स्वास्थ्य का एक प्रमुख साधन है।
इस योग दिवस के अवसर पर आइये हम सब मिलकर अपने जीवन में नियमित रूप से योग को अपनायें और स्वस्थ जीवन की रचना करें।

उपायुक्त ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन जिलर के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। जिलावासियों को बेहतर स्वास्थ्य एवं उचित जीवन शैली के सम्बंध में जागरूक करने का एक सफल माध्यम बनाया है। आगे उन्होंने कहा कि योग क्रियाएं अत्यन्त कारगर एवं प्रभावशाली उपाय है। लोगों को जागरूक करने के क्रम में उन्होंने कहा कि हमारे खान-पान एवं व्यवहार के कुछ नियम उल्लेखित हैं, जिनका प्रयोग करके हम अपने शरीर को अनेक गंभीर बीमारियों से बचा सकते हैं। इनमें ही योग भी शामिल है। योग करना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि येाग को सभी अपने एवं अपने परिवार के सदस्यों के जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाएं।
साथ ही स्वस्थ जीवन की दिशा में योग को अपने दैनिक क्रिया में शामिल करें, हमारे इन सजग प्रयासों से निश्चित ही स्वास्थ्य संबंधी सभी प्रकार की समस्याओं को दूर किया जा सकता है।

इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में स्वामी भवेशानन्द, सचिव, राम कृष्ण मिशन, मोराबादी, रांची द्वारा योग क्रियाओं और उससे जुड़े लाभ की जानकारी दी गयी। उन्होंने योग के मूल मन्त्रों को साझा किया। उन्होंने कहा कि योग दिवस की थीम ‘मानवता के लिए योग (Yoga For Humanity) रखी गई है। हमें योग को एक अतिरिक्त काम के तौर पर नहीं लेना है। हमें योग को जानना भी है, और जीना भी है। स्वस्थ शरीर और मन के लिए योग बहुत जरूरी है। योग करने से मानव जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य लोगों के बीच योग के अभ्यास को बढ़ावा देना है। योग की ये अनादि यात्रा अनंत भविष्य की दिशा में ऐसे ही चलती रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों के बीच औषधीय पौधों एवं आयुष किट का भी वितरण किया गया। ताकि उचित स्वास्थ्य की दिशा में लोग सजग बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *