बाबूलाल ने मांडर में जनसभा को किया संबोधित,एनडीए प्रत्याशी समीर उरांव के लिए मांगा वोट

रांची: प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने शनिवार लोहरदगा लोकसभा के प्रत्याशी समीर उरांव के पक्ष में मांडर स्थित सोसई आश्रम में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। वहीं केंद्र सरकार की योजनाओं का बखान किया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विकास के लिए काम कर रहे हैं। इन 10 वर्षों में उन्होंने जो काम किया, यह सब के सामने है। चाहे गांव के लोग हो, चाहे महिला हो, चाहे गरीब हो, चाहे मजदूर हो, चाहे नौजवान हो। सभी वर्ग के लिए उन्होंने काम किया। किसी भी वर्ग को नहीं छोड़ा। सबके विकास के लिए काम किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आने वाले दिनों में भारत को विकसित और समृद्ध भारत बनाना है। जब वह विकसित और समृद्ध भारत की बात करते हैं तो सभी लोगों को न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध करने की बात करते हैं। प्रधानमंत्री बनते ही उन्होंने इस दिशा में काम शुरू किया। पहले लोगों के लिए घरों में शौचालय उपलब्ध कराया। उसके बाद गैस कनेक्शन की सुविधा दी। घर-घर में बिजली पहुंचाई। अब लोगों को 5 किलो मुफ्त अनाज दिया जा रहा है, ताकि गरीब भूखे नहीं रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों को आवास भी उपलब्ध कराया। पिछले 10 वर्षों में देश में चार करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराए गए। प्रधानमंत्री ने कहा है कि तीसरी बार पीएम बनने पर वे 3 करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी किसानों के खाते में भी सालाना ₹6000 भेज रहे हैं। प्रधानमंत्री कहते हैं कि हर घर में नल से जल पहुंचे। झारखंड की इंडी गठबंधन की सरकार ने इस योजना को भी भ्रष्टाचार में खत्म कर दिया है। प्रधानमंत्री लोगों के घर की चिंता करते हैं। उनकी इज्जत की चिंता करते हैं। उनकी भोजन की चिंता करते हैं। उनके पीने के पानी की चिंता करती हैं। गांव-गांव में सड़क और पुल पुलिया बनाने का काम कर रहे हैं।
बाबूलाल ने कहा कि झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल की सरकार है। ये सभी दल झारखंड विरोधी हैं। विकास विरोधी हैं। देश आजाद होने के बाद से ही झारखंड अलग राज्य की लड़ाई चल रही थी। जयपाल सिंह पहले लड़ रहे थे। कांग्रेस की सरकार ने जयपाल सिंह को भी अपनी पार्टी में मिला लिया। पैसे दिया, लेकिन झारखंड राज्य नहीं दिया। बाद में शिबू सोरेन को भी सरकार बचाने के लिए पैसा दिया और जब सीबीआई की जांच हुई तो तिहाड़ जेल भेज दिया। कांग्रेस पार्टी ने कभी झारखंड के लोगों का सम्मान नहीं किया। अगर कांग्रेस चाहती तो बहुत पहले झारखंड अलग राज्य बन गया होता है। झारखंड अलग राज्य बना है तो यह एनडीए की देन है। अटल बिहारी वाजपेई के सत्ता में आने के बाद झारखंड अलग राज्य बना।
कांग्रेस के राज में झारखंड के सबसे अधिक लोग विस्थापित हुए। कांग्रेस के कार्यकाल में झारखंड में बड़े-बड़े कल कारखाने लगे। बड़ी-बड़ी खदान खुली। इसके कारण लोग भी विस्थापित हुए। इसका जवाब कांग्रेस को देना चाहिए। मोदी सरकार के दस साल के कार्यकाल में कितने लोग विस्थापित हुए, यह सबको पता है। आज देश में जिनकी राजनीतिक दुकान बंद हो रही है, वे लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं। इसका जवाब 13 मई को कमल छाप पर बटन दबाकर देना है। समीर उरांव को भारी बहुमत से विजय बनाना है।
श्री मरांडी ने कहा कि झारखंड में फर्जी कागज बनाकर जमीन बेचने का काम गुंडा और दलालों ने किया। यह काम हेमंत सोरेन के संरक्षण में हुआ। यहां तक कि सेना की जमीन को भी नहीं छोड़ा। यही कारण है कि आज हेमंत सोरेन को पकड़ के जेल में बंद किया गया है। हमने हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर इसकी जांच की बात की थी। अगर वह जांच करते तो उनको आज जेल नहीं जाना पड़ता है, लेकिन वे तो इन गुंडों को संरक्षित कर रहे थे।
इस अवसर पर एनडीए प्रत्याशी समीर उरांव,पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर ने भी सभा को संबोधित किया।
वहीं लोहरदगा लोकसभा के सह संयोजक सन्नी टोप्पो ने भी सभा को संबोधित कर कांग्रेस और झामुमो पर जमकर हमला बोला। साथ ही कहा कि मांडर की जनता एनडीए प्रत्याशी समीर उरांव को अपना आशीर्वाद देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *