जेसीआई एक्सपो उत्सव 2026 का आगाज, राज्यपाल ने किया उद्घाटन
रांची : युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई रांची के बहुप्रतीक्षित सात दिवसीय आयोजन ‘एक्सपो उत्सव 2026’ का गुरुवार को मोराबादी मैदान में शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। एक्सपो का आयोजन एक से सात अक्टूबर तक किया जा रहा है। इस वर्ष एक्सपो अपने 29वें वर्ष में प्रवेश कर गया है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि झारखंड के स्थानीय उत्पादों में व्यापक संभावनाएं हैं। बेहतर गुणवत्ता, डिजाइन, आधुनिक तकनीक और प्रभावी ब्रांडिंग के माध्यम से यहां के उत्पादों को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने तसर सिल्क का उल्लेख करते हुए अन्य स्थानीय उत्पादों को भी बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि उद्यमिता आत्मनिर्भरता, रोजगार और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। झारखंड के युवाओं में प्रतिभा और नए विचारों की कमी नहीं है। उन्हें उचित मार्गदर्शन, अवसर और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाना चाहिए। डिजिटल तकनीक, ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया ने व्यापार के तरीके बदल दिए हैं। छोटे उद्यम भी इनके माध्यम से बड़े बाजार तक पहुंच सकते हैं।
एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि इस वर्ष मेले में देश के विभिन्न शहरों से करीब 400 वातानुकूलित स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें बड़े ब्रांड, स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स समेत विभिन्न उत्पादों के स्टॉल शामिल हैं। महिला उद्यमियों के लिए विशेष ‘पिंक हैंगर’ बनाया गया है। बच्चों के लिए एम्यूजमेंट पार्क भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
उद्घाटन के अवसर पर बच्चों के लिए जूनियर मास्टरशेफ प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें 40 बच्चों ने हिस्सा लिया। दो अक्टूबर को चित्रकला प्रतियोगिता, ट्रेजर हंट और तंबोला, तीन को डॉग शो व वॉइस ऑफ एक्सपो, चार को एक्सपो टैंक व डांस प्रतियोगिता और सात अक्टूबर को योग प्रतियोगिता व बुटिक्स एक्सपो फैशन शो होगा। तीन अक्टूबर को रात नौ से 12 बजे तक नाइट मार्केट और छह अक्टूबर को भजन जैमिंग का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन और टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है।
कार्यक्रम में जेसीआई के पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष, सदस्य और लेडीज विंग की पदाधिकारी मौजूद रहीं। धन्यवाद ज्ञापन सचिव जेसी साकेत अग्रवाल ने किया। आयोजन की जानकारी मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान ने दी।


