मरीजों को सस्ती दर पर मिलेगा अल्पाहार, सिविल सर्जन ने किया पलाश दीदी कैफे का उद्घाटन

खूँटी: सिविल सर्जन डॉ० ललित रंजन पाठक एवं जेएसएलपीएस की जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनीषा सांगा के संयुक्त तत्वावधान में पलाश दीदी कैफे का एमसीएच/ओटी बिल्डिंग, सदर अस्पताल, खूंटी में विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जेएसएलपीएस के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक विनिता तिर्की, संजय झा, कमल सुखी मंडल के सदस्य सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उद्घाटन के दौरान कैफे की उपयोगिता एवं मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई
पलाश दीदी कैफे का मुख्य उद्देश्य अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को सस्ती दर पर पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण अल्पाहार उपलब्ध कराना है। कैफे के शुरू होने से मरीजों एवं उनके साथ आने वाले लोगों को अस्पताल परिसर में ही उचित मूल्य पर नाश्ता एवं अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
ㅤ
सिविल सर्जन ने कहा कि इस पहल से मरीजों एवं उनके परिजनों को काफी सुविधा मिलेगी। दूर-दराज से अस्पताल आने वाले लोगों को भोजन एवं अल्पाहार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। साथ ही, उन्हें उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
पलाश दीदी कैफे के संचालन से मरीजों को समय पर अल्पाहार उपलब्ध होगा तथा अस्पताल परिसर में उनकी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। उपस्थित पदाधिकारियों ने पहल की सराहना करते हुए कैफे का सुचारू संचालन एवं गुणवत्तापूर्ण सेवा बनाए रखने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *