तहखाने वाले ऑटो में छिपाकर लाई जा रही थी विदेशी शराब, 85.875 लीटर विदेशी शराब जब्त

भागलपुर। नए साल से पहले शराब तस्करों ने भागलपुर में बड़ी खेप खपाने की तैयारी कर ली थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। झारखंड से लाई जा रही विदेशी शराब की खेप लोदीपुर थाना क्षेत्र में पकड़ ली गई। हालांकि, पुलिस को आता देख तस्कर ऑटो छोड़कर फरार हो गए।
मामला लोदीपुर थाना क्षेत्र के हजारा पोखर के पास का है। डायल 112 की टीम को सूचना मिली कि एक ऑटो संदिग्ध हालात में तेज रफ्तार से गुजर रहा है। जब पुलिस टीम ने पीछा किया, तो चालक और उसके साथ मौजूद तस्कर सड़क किनारे ऑटो छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले।
इसके बाद मौके पर पहुंची लोदीपुर पुलिस ने जब ऑटो की बारीकी से जांच की, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। ऑटो में बेहद चालाकी से तहखाने जैसा बॉक्स बनाया गया था, जिसमें 3.75 एमएल की 129 बोतल विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थीं। सामान्य जांच में इस तहखाने का पता लगाना आसान नहीं था।

85.875 लीटर विदेशी शराब जब्त

लोदीपुर थाना अध्यक्ष घनश्याम कुमार ने बताया कि ऑटो से कुल 85.875 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। इस मामले में शराबबंदी कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है – शराब कहां से लाई गई और किसे सप्लाई होनी थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
नए साल पर बढ़ी सख्ती
नए साल को देखते हुए जिले में शराब तस्करी की गतिविधियां बढ़ने की आशंका है। इसी को लेकर पुलिस ने जिलेभर में चौकसी बढ़ा दी है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जबकि बॉर्डर एरिया में पहले से ही अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *