प्रदेश राजद कार्यसमिति की पहली सूची जारी,33 महासचिव और 43 प्रदेश सचिव की नियुक्ति

रांची: झारखंड में मिशन 2024 में धमाकेदार इंट्री के लिए राजद ने अपनी कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में प्रदेश राजद कार्यसमिति की पहली सूची जारी की गई है। इसमें 33 महासचिव और 43 प्रदेश सचिव की नियुक्ति की गई है। मंगलवार को प्रदेश राजद कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव,प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से सूची जारी करते हुए कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की आज हमलोगों ने पहली सूची जारी किया है। आगे दूसरी सूची भी जारी किया जायेगा। उन्होंने कहा कि राजद प्रखंड प्रभारी की नियुक्ति कर पार्टी को मजबूत करेगी। जिम्मेवारी मिलने के बाद पार्टी के पदाधिकारी अपने क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने में लग जायेंगे। वहीं पार्टी के प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव ने कहा कि कोडरमा,संथाल परगना के हंसडीहा और पलामू में तेजस्वी यादव का कार्यक्रम होना तय हुआ है।
श्री यादव ने कहा कि झारखंड में पार्टी को एक बार फिर से मजबूत करेंगे और आने वाले समय में चाहे वह लोकसभा चुनाव को या विधानसभा चुनाव बेहतर प्रदर्शन करेंगे.नई कमिटी की घोषणा सभी वर्गों को देखते हुए बनाया गया है. फिर भी कोई छुटते हैं तो उनको आगे की कमिटी में जगह दी जायेगी.
पत्रकार वार्ता में पार्टी के वरिष्ठ नेता चतरा लोकसभा चुनाव में पूर्व प्रत्याशी सुभाष यादव ने कहा कि राजद अपने पुराने रुतबे में लौटेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1932 का मुद्दा कोई मुद्दा नहीं है. झारखंड के असल मुद्दे किसानों की बदहाली, युवाओं के समक्ष बेरोजगारी और पलायन है. उन्होंने कहा कि दुमका, लातेहार और चाईबासा समेत कई ऐसे जिले हैं जहां पर आज कृषि भूमि सिंचित नहीं है. उन जिलों में यदि सिंचाई की व्यवस्था की जाए तो किसान खुशहाल होंगे और बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन होगा.
प्रदेश के कई जिले में अबतक लोगों को मूलभूत सुविधा नहीं मिल रहा है। राष्ट्रीय जनता दल इन बेसिक समस्याओं को केंद्रित करते हुए आगे बढ़ेगा। जनता की समस्याओं का समाधान होगा तो पार्टी के प्रति जनता का विश्वास बढ़ेगा। इस अवसर पर युवा राजद अध्यक्ष रंजन कुमार,प्रवक्ता मनोज कुमार,अनिता यादव,प्रदेश महिला राजद अध्यक्ष रानी कुमारी सहित कई राजद के नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *