राउंडटेबल इंडिया की अनोखी पहल: जरूरतमंद बच्चों को मिली सपनों की उड़ान
रांची : जरूरतमंद बच्चों के सपनों को पंख देने की दिशा में राउंडटेबल इंडिया एरिया-16 (झारखंड–ओडिशा) ने एक सराहनीय पहल की है। संस्था द्वारा आयोजित “फ्लाइट ऑफ फैंटेसी” कार्यक्रम के तहत झारखंड और ओडिशा के 70 जरूरतमंद बच्चों को पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव कराया जा रहा है। यह यात्रा न केवल बच्चों के लिए यादगार होगी, बल्कि उनके आत्मविश्वास और भविष्य की आकांक्षाओं को भी नई दिशा देगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को बच्चे रांची एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। राजधानी दिल्ली पहुंचने के बाद बच्चों को राष्ट्रपति भवन और संसद भवन का भ्रमण कराया जाएगा, जहां वे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रीय धरोहरों से रूबरू होंगे। इसके पश्चात रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ द्वारा बच्चों को दिल्ली स्थित अपने आवास पर लंच के लिए आमंत्रित किया गया है। बच्चों के ठहरने की व्यवस्था एक स्टार होटल में की गई है, जहां उनके भोजन एवं अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
इस शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक यात्रा में रांची के हटिया स्थित पारसनाथ पब्लिक स्कूल के बच्चों को शामिल किया गया है। इस पूरे आयोजन की जिम्मेदारी रांची समारिटन राउंडटेबल-244, रांची यूटोपियन राउंडटेबल-284 और रांची एंकोरेज राउंडटेबल-160 ने संयुक्त रूप से निभाई है। इस संबंध में जानकारी रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तीनों राउंडटेबल के अध्यक्ष आकाश खोसला, विक्रांत छाबड़ा, अर्पित जैन एवं मीडिया प्रभारी पौरुष जैन ने दी।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने में रक्षा राज्य मंत्री के पुत्र ऐश्वर सेठ का विशेष योगदान रहा है। बच्चों को एयरपोर्ट से रवाना करने के अवसर पर पूर्व सांसद महेश पोद्दार, इनकम टैक्स कमिश्नर निशा ओरांव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि राउंडटेबल इंडिया का मूल उद्देश्य “फ्रीडम थ्रू एजुकेशन” है। संस्था ने लेडीज़ सर्कल के सहयोग से रांची और खूंटी सहित कई क्षेत्रों में स्कूल, क्लासरूम और शौचालय ब्लॉक का निर्माण कराया है। देशभर में अब तक 9,000 से अधिक क्लासरूम का निर्माण कर राउंडटेबल इंडिया शिक्षा के क्षेत्र में एक मजबूत सामाजिक भूमिका निभा रहा है।



