एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र का हुआ शुभारंभ
खूंटी: जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के कल्याण विभाग द्वारा संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों– रेवा (खूंटी), गम्हरिया (मुरहू), कुदा (कर्रा) एवं सारिदकेल (तोरपा) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, रेवा (खूंटी) में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में खूंटी विधायक राम सूर्या मुण्डा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उनके साथ परियोजना निदेशक, आईटीडीए आलोक शिकारी कच्छप, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती आपरूपा चौधरी, जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती ज्योति कुमारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में नामांकित छात्र-छात्राओं के बीच स्कूल बैग, पुस्तकें, आईडी कार्ड समेत आवश्यक शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। माननीय विधायक श्री मुण्डा ने विद्यार्थियों को नियमितता, अनुशासन और मेहनत से अध्ययन करने की प्रेरणा दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। अभिभावकों को भी शिक्षा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बेहतर सहयोग की अपील की गई।
उल्लेखनीय है कि विद्यालय में कक्षा 6, 7 एवं 8 के छात्रों के लिए पठन-पाठन की व्यवस्था प्रारंभ की गई है। जिन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न विधाओं की भी जानकारी दी जाएगी।



