विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी

प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के अंतर्गत मतदाता सूची अद्यतन कार्यों की प्रगति का जायजा लेने मंगलवार को जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने 152- बिहपुर तथा 153- गोपालपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ द्वारा भरे जा रहे गणना प्रपत्रों की समीक्षा की और उनसे फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने गणना प्रपत्रों की गुणवत्ता, सटीकता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को लेकर बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रपत्रों को डिजिटल रूप से अपलोड करने में तेजी लाने और प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाने हेतु अपलोडिंग से जुड़े कर्मियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर 152- बिहपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह डिप्टी कलेक्टर (DCLR) नवगछिया तथा 153- गोपालपुर क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) नवगछिया श्री ऋतुराज प्रताप सिंह सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *