स्थानीयता का निर्धारण ही नियोजन का आधार बने: सुदेश महतो

रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि झारखंडी युवाओं के नियोजन में स्थानीय नीति सरकार सुनिश्चत करे। राजनीतिक मजबूरियों में सही, हेमंत कैबिनेट ने 1932 के खतियान पर स्थानीय नीति के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है, लेकिन इसे व्यवहार में लाया जा सके, तब तक आजसू पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। 1932 के खतियान पर स्थानीय नीति लागू करने के लिए आजसू पार्टी ने सबसे ज्यादा और सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया है। इसलिए पार्टी हरगिज इसे खाली जाने नहीं देगी।

राजगंज स्थित बगदाहा में पार्टी के उत्तरी प्रमंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि सरकार के निर्णयों और विचारों में सामंजस्य नहीं दिखता। वह सोच विचार कर कोई कदम नहीं उठा रही। यही वजह है कि सरकार के अंदर ही अलग-अलग आवाज उठते रहे हैं। स्थानीय नीति के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने मंजूरी तो दी है, लेकिन इसके व्यवहार में आने तक हमारी पैनी नजर बनी रहेगी। क्योंकि यह झारखंड के वजूद और जनभावना से जुड़ा सवाल है। इस सम्मेलन में सात जिलों के कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए।

जातीय जनगणना कराना होगा
ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रस्ताव पर भी मंजूरी दी गई है, लेकिन जातीय जनगणना कराने से सरकार बच रही है। जबकि हम इस विषय पर लगातार जोर दे रहे हैं। जातीय जनगणना होने से पता चल सकेगा कि पिछड़ों की आबादी कितनी है और उनकी आर्थिक, सामाजिक हैसिय़त कैसी है।

आजसू के कार्यकर्ता ही लीडर
श्री महतो ने कहा कि कार्यकर्ता मेंरे दिल में बसते हैं। वही हमारे नेता हैं। आने वाला समय भी हमारा होगा। आजसू के एक-एक कार्यकर्ता पंचायत में जाएं और हर आदमी को अहसास दिलायें कि हम मजबूत पहरेदार के तौर पर उनके साथ खड़े हैं। इसलिए सरकार धोखा नहीं दे सकती। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन को यह कहना पड़ता है कि वे एक आंदोलनकारी है, जबकि आजसू पूरी पार्टी ही आंदोलनकारी है। बिनोद बिहारी महतो, निर्मल महतो जैसे धरती पुत्रों की प्रेरणा पर हम चलते हैं। उनकी सोच और विचार को आगे बढ़ाते हैं।

बिनोद बिहारी महतो धाम के लिए 25 लाख
इस मौके पर आजसू के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने घोषणा करते हुए बताया कि बिनोद बिहारी महतो धाम के लिए सांसद फंड से 25 लाख रुपए देंगे। यह फंड उनकी आदमकद प्रतिमा और जीवनी संग्रह के काम आएगा। सुदेश कुमार महतो ने कहा कि 23 सितंबर को बिनोद बाबू की जंयती है। इस दिन से पार्टी पूरे एक साल के लिए कार्यक्रम तय करेगी। इस कार्यक्रम के तहत बिनोद बाबू के विचार के तहत शिक्षा, सामाजिक न्याय और संघर्ष की अवधारणा के साथ झारखंडी को एकजुट किया जायेगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ झंडोत्तोलन एवं राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो द्वारा उत्तरी छोटानागपुर के सभी सात जिले, 90 प्रखंड एवं 1522 पंचायत के लगभग 9235 प्रतिनिधियों को शपथ दिलाया गया।

सम्मेलन को सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, गोमिया के विधायक लंबोदर महतो, पूर्व विधायक उमाकांत रजक एवं रामचंद्र सहिस समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।

सम्मेलन में केंद्रीय पदाधिकारी, सभी अनुषंगी इकाई के प्रदेशस्तरीय पदाधिकारी के साथ-साथ उत्तरी छोटानागपुर के सभी जिला, पंचायत, प्रखंड/नगर एवं सभी अनुषंगी इकाई के पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *