खूंटी में बाईपास नहीं फ्लाइओवर ब्रिज की मांग
गणादेश,खूंटी : सड़कों पर लगातार बढ़ते वाहनों की संख्या से एक और जहां लोगों को यातायात में सुगमता का लाभ मिला है,वहीं सड़क दुर्घटनाओं में भी बढ़ोतरी हुई है। खूंटी शहर के मेन रोड उपर चौक से लेकर नीचे चौक बाजारटांड़ तक सड़क पर रोजाना जबरदस्त जाम होता है। इसमें इंडियन ऑयल की गाड़ियां सबसे अधिक सड़कों पर रहती है। इसके अलावा लंबी दूरी के मालवाहक वाहनों की संख्या भी रहती है। खूंटी में बाईपास नहीं होने से उपर चौक से लेकर नीचे चौक तक रोजाना जाम रहता है। हालांकि बाईपास निर्माण के लिए राज्य सरकार ने जमीन अधिग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लेकिन, यह प्रक्रिया बहुत ही धीमी गति से हो रही है। बाईपास निर्माण नहीं होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां के लोग राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर गुस्सा करते हुए कहा कि बाईपास तो कब बनेगा यह तो पता नहीं कम से कम राज्य सरकार फ्लाइओवर ब्रिज का निर्माण करावा दे। फ्लाइओवर निर्माण हो जाने से लंबी दूरी की गाड़ियां उपर ब्रिज से निकल जाएगी। इससे खूंटी में सड़क दुर्घटना और बढ़ते प्रदूषण की समस्या दूर हो जाएगी। खूंटी के लोगों ने राज्य सरकार से खूंटी में अविलंब फ्लाइओवर ब्रिज निर्माण करवाने की मांग किया है।



