संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह का भव्य आयोजन, रेशम भवन में आकांक्षा हाट

भागलपुर।.रेशम भवन, भागलपुर में आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह 2025 का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की तथा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।

ज्ञात हो कि नीति आयोग द्वारा वर्ष 2024 में 1 जुलाई से 30 सितंबर तक संपूर्णता अभियान चलाया गया था, जिसके अंतर्गत देश के आकांक्षी प्रखंडों को छह सूचकांकों – स्वास्थ्य, पोषण, कृषि एवं आजीविका – में संतृप्ति प्राप्त करने का लक्ष्य दिया गया था। भागलपुर जिले के अंतर्गत चयनित पांच आकांक्षी प्रखंड – सबौर, पीरपैंती, सन्हौला, जगदीशपुर एवं सुल्तानगंज – ने निर्धारित समयसीमा में सभी छह सूचकांकों को सफलतापूर्वक संतृप्त कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

उक्त उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह में जिला एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न पदाधिकारियों, फ्रंटलाइन कर्मियों तथा पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए जिलाधिकारी द्वारा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद, डीपीएम हेल्थ मणि भूषण प्रसाद, डीपीओ आईसीडीएस अनुपमा कुमारी, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी नितेश कुमार, जिला योजना पदाधिकारी मोनू कुमार तथा संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

साथ ही, पांचों प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, आशा कार्यकर्ता, सेविका-सहायिका, एएनएम, कार्यक्रम समन्वयक एवं अन्य कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, संयुक्त निदेशक (जनसंपर्क) नागेंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। संचालन जिला उद्योग केंद्र की जिला प्रबंधक सुश्री खुशबू कुमारी ने किया।

1 से 6 अगस्त तक रेशम भवन में आयोजित हो रहा है आकांक्षा हाट
नीति आयोग, भारत सरकार के निर्देशानुसार, आकांक्षा हाट 2025 का आयोजन 1 अगस्त से 6 अगस्त तक रेशम भवन, भागलपुर में किया जा रहा है। इस हाट में रेशमी वस्त्र, कृषि उत्पाद, मंजूषा कला एवं स्थानीय हस्तशिल्प से संबंधित विभिन्न स्टॉल लगाए गए हैं। हाट का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी द्वारा फीता काटकर किया गया। उन्होंने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया एवं उत्पादों के संबंध में दुकानदारों से बातचीत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *