वित्तीय वर्ष 2025-26 की योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति को लेकर डीसी ने की विभागों की समीक्षा बैठक

खूंटी: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त आर० रॉनिटा की अध्यक्षता में विकास शाखा अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 अंतर्गत संचालित योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज कल्याण, कृषि, सहकारिता, भूमि संरक्षण, परिवहन, खेल, शिक्षा, नगर पंचायत, पशुपालन, गव्य विकास, कल्याण, नियोजन, सामाजिक सुरक्षा, आपूर्ति, पंचायतीराज समेत अन्य विभागों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत प्राप्त आवंटन की राशि का निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्णतः व्यय सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके और आमजन को उसका समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आवंटित राशि का सदुपयोग करते हुए लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के दौरान विभागवार योजनाओं की अद्यतन स्थिति, प्रगति, बाधाओं एवं समाधान बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने लंबित योजनाओं में तेजी लाने तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य निष्पादन में गति लाने पर बल दिया गया।
बैठक में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त, जिला पंचायतीराज पदाधिकारी, जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला विकास शाखा पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *