अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती हत्याकांड: मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और हाईकोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

रामगढ़: रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत बरियातू निवासी एवं झारखंड उच्च न्यायालय, रांची की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती के असामयिक निधन के बाद न्याय की मांग तेज हो गई है। शनिवार को झारखंड बार काउंसिल के सदस्य अब्दुल कलाम रशीदी तथा ऑल इंडिया लॉयर्स एसोसिएशन, झारखंड के सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल उनके निवास स्थान पहुंचा और परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।

इस दौरान झारखंड बार काउंसिल के सदस्य अब्दुल कलाम रशीदी ने अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती हत्याकांड के मुख्य आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग के उपायुक्त की अध्यक्षता में वरिष्ठ चिकित्सकों की मेडिकल टीम गठित कर दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाना चाहिए, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों का निष्पक्ष तरीके से पता चल सके।

उन्होंने कहा कि अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा। इसके लिए सड़क से लेकर न्यायालय तक संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि मामले में झारखंड उच्च न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी और हत्याकांड की जांच उच्च न्यायालय की निगरानी में कराने की मांग की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मामले की गंभीरता को समझते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि घटना की वास्तविक परिस्थितियों और सच्चाई को सामने लाना आवश्यक है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई हो।
इस अवसर पर अधिवक्ता सीता स्वतंत्र, नौशाद अहमद, अब्दुल जब्बार, आबिद अली, सगीर अहमद, रिजवान अंसारी, मोहम्मद अफजल, मोहम्मद रशीद सहित समाजसेवी एवं रिसोर्स शिक्षक पॉवेल कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *