सीएम का पुतला दहन को लेकर रांची-हजारीबाग,गिरीडीह में छात्रों और पुलिस के बीच झड़प

रांची: झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी-सीजीएल परीक्षाओं को रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले पर हाईकोर्ट की रोक के बाद आंदोलनकारी छात्रों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ आक्रोश बढ़ गया है। इसी के विरोध में जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच और झारखंड छात्र न्याय मंच (देवेंद्र गुट) ने शुक्रवार को पूरे राज्य में मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का आह्वान किया था। इस दौरान राजधानी रांची और हजारीबाग में छात्रों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति उत्पन्न हो गई।

रांची के फिरायालाल चौक पर आंदोलनकारी छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने की कोशिश की। इसी दौरान वहां मौजूद झामुमो कार्यकर्ताओं ने छात्रों से पुतला छीन लिया और उसे लेकर मौके से चले गए। पुतला छीने जाने के बाद छात्रों और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी और झड़प हो गई। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और मामले को शांत कराया। कुछ देर बाद छात्रों ने दूसरा पुतला लाकर उसका दहन किया।

वहीं, हजारीबाग में बड़ी संख्या में आंदोलनकारी छात्र मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने के लिए गांधी मैदान पहुंचे थे। पुलिस प्रशासन भी मौके पर पर्याप्त संख्या में मौजूद था। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से पुतला दहन नहीं करने की लगातार अपील की, लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ते रहे।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने छात्रों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग और लाठीचार्ज किया। पुलिस ने छात्रों को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया।

आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि सरकार के परीक्षा रद्द करने के फैसले पर हाईकोर्ट की रोक से वे निराश हैं। छात्रों ने सरकार से न्यायालय में मजबूती से अपना पक्ष रखने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, आंदोलनकारियों ने संकेत दिया है कि मांगें पूरी नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *