चुनाव ड्यूटी में लापरवाही पर आमडंडा थाना के अवर निरीक्षक से स्पष्टीकरण, 24 घंटे में होगी कार्रवाई
भागलपुर।.बिहार विधान सभा आम निर्वाचन-2025 के दौरान स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए किए गए दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर आमडंडा थाना के अवर निरीक्षक मनोज कुमार पासवान से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, भागलपुर की ओर से वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर को जारी पत्र में कहा गया है कि अवर निरीक्षक मनोज कुमार पासवान की प्रतिनियुक्ति स्टैटिक सर्विलांस टीम (SST) के रूप में चमखजा (सनोखर) चेक पोस्ट पर की गई थी।
लेकिन दिनांक 3 नवंबर 2025 को 155- कहलगांव विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के प्रेक्षक द्वारा निरीक्षण के दौरान वे अपने कर्तव्य स्थल से अनुपस्थित पाए गए।
निर्वाचन जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य में कर्तव्यहीनता, लापरवाही एवं उच्चाधिकारी के आदेश की अवहेलना को गंभीर मानते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने 24 घंटे के भीतर अवर निरीक्षक से स्पष्टीकरण प्राप्त कर अग्रेतर कार्रवाई करने की अनुशंसा की है। साथ ही, की गई कार्रवाई की सूचना से अवगत कराने का भी निर्देश दिया गया है।



