भागलपुर में रंगों का संगम: 20 – 22 दिसंबर को होगा ‘भागलपुर रंग महोत्सव 2025’

भागलपुर। सांस्कृतिक सरोकारों और राष्ट्रीय एकता की भावना को समर्पित रंगग्राम जन सांस्कृतिक मंच ने बहुप्रतीक्षित भागलपुर रंग महोत्सव 2025 की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। आगामी 20 से 22 दिसंबर तक लाजपत पार्क स्थित कला केंद्र में होने वाले इस महोत्सव को लेकर रविवार को बूढ़ानाथ चौक स्थित एसएमएस स्कूल परिसर में आयोजन समिति की अहम बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता डॉ. महेश राय ने की।

बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि महोत्सव में शामिल होने वाले बिहार समेत मणिपुर, असम, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कलाकारों का विशेष सम्मान किया जाएगा। समिति ने कहा कि भागलपुर और आसपास के ग्रामीण अंचलों के कलाकारों को भी मंच और रंग-जुलूस दोनों में स्थान देकर स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा।

सदस्यों ने इस बात पर भी नाराज़गी जताई कि इस वर्ष युवा महोत्सव में रंगमंच को जगह नहीं दी गई। समिति ने प्रस्ताव पारित कर मांग की कि पूर्व वर्षों की तरह नाटक को उसका उचित स्थान मिले।

अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. राय ने बताया कि भागलपुर रंग महोत्सव 2012 से राष्ट्रीय एकता की मिसाल के तौर पर लगातार आयोजित होता आ रहा है। इस बार महोत्सव में विभिन्न भारतीय भाषाओं में सामाजिक मुद्दों पर आधारित नाटकों का मंचन होगा, जिसका गवाह पूरा भागलपुर बनेगा। उन्होंने शहरवासियों से पूर्व की भांति सहयोग की अपील की।

बैठक में महबूब आलम, तरुण किरण, सुमन सोनी, श्रीप्रकाश चौधरी, तरुण घोष, कौशल किशोर सिंह, राजेश झा, प्रकाश चंद्र गुप्ता, तकी अहमद जावेद, साधना मिश्रा, डॉ. वसीम राजा, सचिदानंद किरण, सत्येन्द्र भास्कर, शांतनू गांगूली, मनोज पंडित, रवि सिंह, जयंती झा, दीपक कुमार सहित अनेक सदस्य मौजूद थे। कार्यक्रम निदेशक कपिल देव रंग ने बैठक का संचालन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *