दोबारा डायनासोर आ सकता है पर बिहार में राजद नहीं :जीतनराम मांझी

पटना:बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल की करारी हार पर जीतनराम मांझी ने तंज कसा है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा है कि धरती पर डायनासोर फिर से आ सकता है पर बिहार में राजद की अब वापसी नहीं होगी। विगत चुनाव में 143 सीटों पर चुनाव लड़ने के बाद राजद को मात्र 25 सीटों पर सफलता मिली। तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने लालू यादव का सपना अधूरा रह गया।
रविवार को केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतनराम मांझी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाला। मांझी के पोस्ट पर सियासत शुरू हो गई। उन्होंने लिखा कि जो हश्र धरती पर डायनासोर का हुआ,आने वाले वक्त में वही हश्र बिहार में राजद का होगा।अब तो सब लोग कहने लगें हैं कि धरती पर दोबारा डायनासोर आ सकता है पर बिहार में राजद के लोग नहीं आ सकतें। मांझी ने इस पोस्ट को राजद और तेजस्वी यादव को भी टैग किया।
इस बार के चुनाव में राजद के साथ सबसे बड़ा विरोधाभास यह रहा कि आरजेडी को पूरे में सबसे अधिक वोट शेयर,लगभग 23% मिला। लेकिन विधायकों की संख्या 25 पर ही अटक गई। हेलीकॉप्टर को ट्रैक्टर बनाकर चुनाव लड़ने वाले तेजस्वी यादव के सारे दावे फेल हो गए। दूसरी ओर जीतनराम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा मात्र 6 सीटों पर चुनाव लड़ी जिसमें से पांच पर जीत दर्ज की। उनके बेटे संतोष कुमार सुमन को नई सरकार में फिर से मंत्री बनाया गया है। इसी वजह से मांझी को मौका मिल गया। राजद को 2020 के चुनाव में 75 पर जीत मिली और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। उसका पांच साल बाद ऐसा बुरा हाल हो गया। मांझी ने चुनाव प्रचार के दौरान भी कहा था कि इस बार राजद की बुरी हार का सामना करना पड़ेगा। एनडीए की प्रचंड जीत होगी और नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *