रांची पुलिस ने ब्राउन शुगर की बड़ी खेप को किया ट्रेप,2500 पुड़िया बरामद

रांची: राजधानी रांची के पॉश स्मार्ट सिटी इलाके को नशे के सौदागरों ने अपना नया सेफ जोन बना लिया था, लेकिन धुर्वा पुलिस की चौकसी ने उनके पूरे सिंडिकेट की कमर तोड़ दी. रविवार की रात ठीक 8 बजकर 25 मिनट पर धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित नवनिर्मित सीएनजी पेट्रोल पंप के पास जब नशे की एक बड़ी खेप की डिलीवरी की जा रही थी, तभी हटिया डीएसपी और धुर्वा पुलिस की संयुक्त टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दी. पुलिस की दबिश देख मौके पर भगदड़ मची, लेकिन जवानों ने खदेड़कर चार पेडलर्स को दबोच लिया, जबकि मुख्य सरगना सोनू तिवारी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा. गिरफ्तार आरोपियों के पास से 2500 पुड़िया (करीब 252.88 ग्राम) उच्च गुणवत्ता वाली ब्राउन शुगर, 9100 रुपए नकद, चार स्मार्टफोन और तस्करी में प्रयुक्त तीन गाड़ियां (दो बाइक व एक स्कूटी) बरामद की गई हैं.

धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी को रविवार शाम करीब 7:45 बजे पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि सोनू तिवारी और संदीप कुमार राय उर्फ मामा अपने लड़कों के जरिए बंगाल से ब्राउन शुगर की बड़ी खेप मंगाकर स्मार्ट सिटी इलाके में खपाने वाले हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई. वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर हटिया डीएसपी के नेतृत्व में फौरन एक स्पेशल स्ट्राइक टीम गठित हुई, जिसमें थाना प्रभारी, सब-इंस्पेक्टर लव कुमार, सब-इंस्पेक्टर चंद्रशेखर सिंह, थाना गश्ती दल और धुर्वा टाइगर मोबाइल के जवानों को शामिल किया गया. रात 8:15 बजे पूरी टीम अनुसंधान किट के साथ रवाना हुई और ठीक 10 मिनट बाद स्मार्ट सिटी के सीएनजी पंप के पास जाल बिछा दिया गया.

एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत वीडियोग्राफी के बीच जब चारों संदिग्धों की तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए. आरोपियों ने अपनी जैकेट, पैंट की जेबों और बैकपैक में ब्राउन शुगर छिपा रखी थी. अभिषेक तिवारी (22 वर्ष, सीवान/जगरनाथपुर) के पैंट की जेब से 500 पुड़िया (44.29 ग्राम), बिना नंबर की होंडा एसपी-125 बाइक, वनप्लस मोबाइल और 3600 रुपए नकद मिले. शुभम कुमार उर्फ राजा (25 वर्ष, सीवान/जगरनाथपुर) के पैंट की जेब से 400 पुड़िया (36.10 ग्राम), ओप्पो मोबाइल, बिना नंबर की नीले रंग की स्कूटी और 2000 रुपए नकद मिले. अंकित तिवारी (22 वर्ष, सीवान/जगरनाथपुर) की जेब से 50 पुड़िया खुली मिलीं, जबकि जैकेट के भीतर उजले टेप से लिपटा एक बड़ा गोला मिला, जिस पर ब्लू पेन से ‘Amit’ लिखा था. इस पैकेट को खोलने पर 500-500 पुड़िया के दो पैकेट (कुल 1000 पुड़िया) बरामद हुए. साथ ही गूगल पिक्सल फोन व दो सिम कार्ड मिले. रितिक राज उर्फ विभु (24 वर्ष, धुर्वा) की जेब से 50 पुड़िया और पीठ पर टंगे काले बैग से टेप में लिपटा गोला बरामद हुआ, जिस पर कोड वर्ड ‘Paul’ दर्ज था. इसके भीतर से 500-500 पुड़िया के चार पैकेट (कुल 2000 पुड़िया) बरामद हुए. इसके पास से 3500 रुपए, वीवो मोबाइल और हीरो एक्सट्रीम बाइक (JH-01-GQ-9769) जब्त की गई. डीडी किट से मौके पर ही रासायनिक परीक्षण किया गया, जिसमें बरामद पदार्थ ब्राउन शुगर पाया गया. पूरी जब्ती प्रक्रिया को ई-साक्ष्य ऐप पर डिजिटल रूप से रिकॉर्ड किया गया.

पूछताछ में आरोपियों ने नशे के इस काले कारोबार का पूरा खाका उगल दिया. आरोपियों ने बताया कि वे सोनू तिवारी और संदीप उर्फ मामा के गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं. रूट और सप्लायर: खेप उसी दिन बंगाल के रहने वाले सप्लायर ‘दादा’ से सिल्ली के रास्ते रांची लाई गई थी. माल में से कुछ हिस्सा लोकल रिटेल बिक्री के लिए अभिषेक और शुभम को दिया गया था, जबकि ‘Amit’ और ‘Paul’ लिखे बड़े पैकेट अरगोड़ा इलाके के रहने वाले तस्करों तक डिलीवर किए जाने थे. गिरोह एक पुड़िया 200 रुपए में बेचता था, जिसमें से प्रति पुड़िया 40 रुपए कमीशन माल खपाने वाले लड़कों को मिलता था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *