गुरुकृपा किड्स कॉलेज़ में बाल दिवस उत्सव धूमधाम से मनाया गया, बच्चों की प्रतिभा ने बटोरी वाहवाही

भागलपुर। ज़िले के कहलगांव स्थित गुरुकृपा किड्स कॉलेज़ का प्रांगण उत्साह और उल्लास से सराबोर हो उठा। अवसर था – बाल दिवस समारोह का, जहां नन्हे-मुन्नों की खुशियों और प्रतिभा ने पूरे वातावरण को जीवंत कर दिया।कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के निदेशक अंकुर खेतान और प्रधानाचार्य विभाष घोष द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। दीप की लौ की तरह ही बच्चों की ऊर्जा और उमंग भी पूरे कार्यक्रम में जगमगाती रही।इसके बाद मंच पर बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। साक्षी, अविका और श्रेया ने अपने सुरीले गीतों से खूब तालियां बटोरीं। अनिका खेतान और निष्ठा चौबे ने प्रभावशाली भाषण देकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।हर्ष और सोनी ने सामाजिक संदेशों से भरपूर प्रस्तुति देकर दर्शकों को सोचने पर मजबूर किया। वहीं अभिषेक, पूर्णेन्दु, अंशुमान, फैजान सफी और आदिल ने नाट्य अभिनय में ऐसा प्रदर्शन किया कि उपस्थित हर व्यक्ति उनकी प्रतिभा का कायल हो गया। पूरे कार्यक्रम को रोचक और व्यवस्थित बनाने में अल्का मैम, हुआ जरीन और रिया कुमारी ने एंकर की भूमिका शानदार ढंग से निभाई।कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों और अभिभावकों ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपनी छिपी प्रतिभाओं को मंच पर निखारने का अवसर पाते हैं। बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों की मुस्कान और रचनात्मकता के नाम समर्पित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *