बाहुबली अनंत सिंह समेत 31 पर जेल ब्रेक का संगीन आरोप, FIR दर्ज

पटना : बाहुबली पूर्व राजद विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। आर्म एक्ट समेत अन्य मामलों में पहले से जेल में बंद अनंत सिंह के खिलाफ एक नई एफआईआर दर्ज हो गई है। जेल प्रशासन ने आरोप लगाया है कि पूर्व विधायक अनंत सिंह और उनके समर्थक कैदियों ने बेऊर जेल पर कब्जा करने और कुख्यात कैदियों को भगाने की साजिश रची थी। आरोप है कि जेल के वार्डन से बैरक की चाबी छीन ली गई थी। जेल अधीक्षक की तरफ से यह आरोप लगाया गया है कि यह जेल ब्रेक की साजिश थी।
दरअसल, पटना के बेऊर जेल में रविवार को भारी हंगामा हुआ था। इस हंगामे के बाद बेऊर जेल प्रशासन ने पूर्व विधायक अनंत सिंह पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं।यू उक्त हंगामे को लेकर बेऊर जेल प्रशासन ने आरोप लगाया है कि अनंत सिंह समेत 31 कैदियों ने जेल में बड़ी साजिश रची थी। इन सबके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पटना के बेऊर थाने में बेऊर जेल अधीक्षक की तरफ से दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक, जेल के कर्मियों पर दबाव बनाने और कैदियों को भगाने के इरादे से अनंत सिंह और उनके समर्थक कैदियों ने हमला किया था। इन कैदियों ने जेल को अपने कब्जे में लेने की कोशिश की थी।
जेल प्रशासन मेरी हत्या कराना चाहता था : अनंत सिंह
इसके पूर्व अनंत सिंह ने आरोप लगाया था कि उनके वार्ड और बैरक को रात में खुला छोड़ दिया गया था। अनंत सिंह और उनके समर्थकों का आरोप था कि जेल प्रशासन वहां बंद कुछ कैदियों के साथ मिलकर उनकी हत्या कराना चाहता था। अनंत सिंह ने सुबह जब अपने वार्ड और बैरक को खुला देखा, तो जेल में बवाल मच गया था। वह अपने समर्थक कैदियों के साथ धरने पर बैठ गए। इस दौरान जेल कर्मियों से अनंत सिंह के समर्थक कैदियों की भिड़ंत भी हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *