ट्रेड लाइसेंस के नाम पर व्यवसायियों पर कार्रवाई चिंतनीय: चैम्बर

रांची : ट्रेड लाइसेंस के नाम पर रांची नगर निगम द्वारा लगातार व्यवसायियों को नोटिस जारी किए जाने एवं कार्रवाई किए जाने से उत्पन्न स्थिति को लेकर आज चैम्बर भवन में बैठक आयोजित की गई। कहा गया कि हाल के दिनों में यह देखा जा रहा है कि दुकानदारों को प्रताड़ित करने के लिए निगम द्वारा ट्रेड लाइसेंस को हथियार बना लिया गया है। व्यवसायियों को जारी हालिया नोटिसों में मात्र तीन दिनों के भीतर ट्रेड लाइसेंस लेने अथवा रिन्यूअल कराने का निर्देश देते हुए दुकान सील करने एवं विधिसम्मत कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है। इससे व्यवसायियों के बीच भय एवं असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
यह भी कहा गया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार, निगम द्वारा रेवेन्यू कलेक्शन और ट्रेड लाइसेंस आदि जारी करने के लिए अधिकृत एजेंसी का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। अभी तक नई एजेंसी का चयन नहीं हुआ है और न ही पूर्व एजेंसी के कार्यकाल का विस्तार किया गया। है। व्यवसायियों से प्राप्त शिकायतों के बाद चैम्बर द्वारा ऑनलाइन माध्यम से ट्रेड लाइसेंस के नए आवेदन एवं रिन्यूअल प्रक्रिया की जांच की गई, जिसमें यह प्रक्रिया भी वर्तमान में प्रभावी रूप से कार्यरत नहीं पाई गई। चैम्बर उपाध्यक्ष रोहित पोद्दार ने कहा कि ऐसी परिस्थिति में ट्रेड लाइसेंस की जांच कर व्यवसायियों को नोटिस जारी करना तथा दुकान सील करने जैसी दंडात्मक कार्रवाई का भय दिखाना उचित नहीं है। विशेषकर त्योहारी समय में इस प्रकार की कार्रवाई से व्यवसायियों में अनावश्यक भय का वातावरण बन रहा है। चैम्बर ऐसे किसी भी प्रयास कदम का विरोध करता है जिससे व्यवसायिक गतिविधियां प्रभावित हों।
चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने कहा कि व्यवसायी सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। निगम को पहले ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, जिसके माध्यम से व्यवसायी आसानी से वैध रूप से नया लाइसेंस प्राप्त कर सकें अथवा उसका रिन्यूअल करा सकें। इसके लिए स्पेशल कैंप आयोजित किए जाएं और व्यवसायियों के बीच जागरूकता भी बढ़ाई जाए।
सदस्यों ने रांची नगर निगम से आग्रह किया कि वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से तत्काल नए ट्रेड लाइसेंस जारी करने एवं नवीनीकरण की सुविधा बहाल की जाए। निगम अपना सिस्टम दुरुस्त कराये, कैंप लगवाने में झारखण्ड चैंबर निगम को हरसंभव सहयोग देने के लिए आश्वस्त करता। नगर प्रशासक से भी आग्रह किया गया कि जब तक ट्रेड लाइसेंस की व्यवस्था पूरी तरह से सुचारु नहीं हो जाती, तब तक व्यवसायियों के विरुद्ध ट्रेड लाइसेंस को लेकर किसी प्रकार की जांच, नोटिस अथवा दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किया जाय तथा पूर्व में निर्गत नोटिसों को शिथिल किया जाय। विदित हो कि आज शहीद चौक के समीप नगर निगम द्वारा कुछ दुकानों को ट्रेड लाइसेंस के नाम पर नोटिस निर्गत करने के बाद सील करने की कार्रवाई की गई, जिसका व्यवसायियों द्वारा विरोध किया गया।

बैठक में चैम्बर उपाध्यक्ष रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य राम बांगड़, मुकेश अग्रवाल, प्रवीण लोहिया, मोनिका गोयनका, अमित अग्रवाल, अमित किशोर, पूर्व अध्यक्ष विनय अग्रवाल, सदस्य शैलेश अग्रवाल, उमंग सुल्तानिया, अमित अरोड़ा, शम्भू तिवारी, आलोक सिंह, राजीव चौधरी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *