जेएससीए स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच को लेकर प्रशासन अलर्ट

रांची : जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, धुर्वा में 9 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मैच के सफल और व्यवस्थित आयोजन को लेकर सोमवार को जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में जिलादण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई।

बैठक में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने तथा यातायात प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि दोपहर 3 बजे से दर्शकों की इंट्री शुरू होगी। इंट्री शुरू होने से पहले बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास अनावश्यक रूप से एकत्रित नहीं होने दिया जाएगा। दर्शकों को निर्धारित गेट से कतारबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेडियम पहुंचकर निर्धारित कतार में लगें, ताकि प्रवेश के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
दर्शकों से प्रतिबंधित वस्तुओं को स्टेडियम में नहीं लाने की अपील की गई है। वहीं शहरवासियों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने को कहा गया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की गई है।
बैठक में अधिकारियों और जेएससीए पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया गया, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
बैठक में एसएसपी रांची राकेश रंजन, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय, एसडीओ सदर कुमार रजत, एसपी सिटी पारस राणा, एसपी ट्रैफिक राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण सहित जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी समेत अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *