झारखंड की कृषि मंडियों में बुनियादी सुविधाओं के विकास को लेकर कृषि मंत्री से चेंबर की मुलाकात
गणादेश,रांची: झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से मिला और राज्य की कृषि मंडियों की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मंडियों में इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी, मूलभूत सुविधाओं का अभाव और सुरक्षा व्यवस्था न होने से किसान, व्यापारी और उपभोक्ता तीनों प्रभावित हो रहे हैं।
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद बाजार समिति द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने सुझाव दिया कि पंडरा कृषि मंडी को आदर्श मंडी के रूप में विकसित कर राज्यभर की मंडियों के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया जा सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि मंडियों में सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति न होने के कारण चोरी और छिनतई की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इससे व्यापारी असुरक्षित महसूस करते हैं और खरीदारों को भी परेशानी होती है।
बैठक में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही झारखंड चैंबर के पदाधिकारियों के साथ पंडरा मंडी का दौरा करेंगी और राज्यभर के खाद्यान्न व्यापारियों से मिलकर समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल करेंगी।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, रांची चैंबर अध्यक्ष संजय महुरी, आलू-प्याज थोक विक्रेता संघ अध्यक्ष मदन साहू, सदस्य गणेश अग्रवाल सहित कई व्यापारी शामिल थे।



