अनधिकृत रूप से सड़क पर खड़े टैंकर वाहनों के विरुद्ध चला अभियान, 45 हजार रुपये का चालान
खूंटी : जिला परिवहन कार्यालय द्वारा IOCL अनिगढ़ा के समीप खूंटी-चाईबासा मार्ग NH-75E पर अनधिकृत रूप से खड़े टैंकर वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, खूंटी एवं थाना प्रभारी, मुरहू द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सड़क पर खड़े टैंकर वाहनों को हटवाया गया। मार्ग पर अनधिकृत रूप से वाहनों की पार्किंग के कारण सड़क एवं सड़क किनारे की सतह क्षतिग्रस्त होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है।
इस क्रम में IOCL के महाप्रबंधक के साथ बैठक कर डिपो प्रबंधन को भी अनधिकृत पार्किंग के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कार्रवाई के दौरान मार्ग अवरुद्ध करने वाले वाहनों के विरुद्ध कुल 45,000 रुपये का चालान किया गया।
सभी वाहन चालकों को सख्त निर्देश दिया गया कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें तथा किसी भी परिस्थिति में सड़क पर वाहनों की पार्किंग न करें।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जिले में लगातार वाहन जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, सड़क की मरम्मती एवं आवश्यक सुधार कार्य के लिए कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग, पथ प्रमंडल चाईबासा को पत्र प्रेषित किया गया है।


