नवगछिया में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़: डॉक्टर समेत चार पकड़े, अररिया से लाई जा रही थी खेप

भागलपुर। भागलपुर के गंगा पार नवगछिया में पुलिस ने मंगलवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ब्राउन शुगर तस्करी में लिप्त चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत एमबीबीएस डॉक्टर भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 98.54 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है।

सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस
नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अररिया से एक स्कॉर्पियो में ब्राउन शुगर की खेप नवगछिया लाई जा रही है। इस पर नवगछिया एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई और बिहपुर थाना क्षेत्र में वाहनों की कड़ी जांच शुरू की गई।

चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो में मिली संदिग्ध खेप
जांच के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो को रोका। तलाशी में वाहन से 98.54 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। मौके पर ही आलोक कुमार (एमबीबीएस डॉक्टर, रेलवे अस्पताल बिहपुर), शिवम कुमार, पीयूष कुमार और राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है।

पूछताछ में तस्करी की बात कबूली
एसडीपीओ ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में चारों आरोपियों ने अररिया से ब्राउन शुगर लाकर नवगछिया में सप्लाई करने की योजना स्वीकार की है। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

ताबड़तोड़ छापेमारी जारी
तस्करी गिरोह के संभावित ठिकानों पर पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *