भागलपुर विश्वविद्यालय प्रकरण पर ABVP सक्रिय, प्रतिनिधिमंडल ने गृह मंत्री से की विस्तृत बातचीत

भागलपुर। बिहार में छात्र राजनीति एक बार फिर तेज़ होती दिख रही है। मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का एक प्रतिनिधिमंडल क्षेत्रीय संगठन मंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ला के नेतृत्व में राज्य के गृह मंत्री सम्राट चौधरी से मिला। मुलाक़ात में प्रतिनिधिमंडल ने भागलपुर विश्वविद्यालय में हाल ही में छात्र-विरोधी नीतियों के खिलाफ चले आंदोलन की पूरी जानकारी गृह मंत्री के सामने रखी।

बैठक में कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी, विश्वविद्यालय में फैले शैक्षणिक भ्रष्टाचार, छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े सवाल और कैंपसों से असामाजिक तत्वों को हटाने जैसे अहम मुद्दों पर लंबी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने इन समस्याओं को तुरंत हल करने की मांग भी दोहराई।

प्रदेश सह-मंत्री कुणाल पांडेय ने मुलाक़ात के बाद बताया कि गृह मंत्री के साथ बातचीत बेहद सकारात्मक रही और उन्होंने आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया है।

वहीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हैप्पी आनंद ने कहा कि ABVP लगातार छात्रों की आवाज़ को बुलंद कर रहा है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *