महिला क्लब भवन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर परिचर्चा, महापौर रोशनी खालको रहीं मुख्य अतिथि
रांची : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अशोक नगर महिला क्लब भवन में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर नव निर्वाचित महापौर श्रीमती रोशनी खालको को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। राजनीति के क्षेत्र में उनकी जीत को उपस्थित महिलाओं ने गर्व का विषय बताया और इसे महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का प्रतीक माना।
कार्यक्रम की शुरुआत महापौर के स्वागत से हुई। महिला क्लब की सदस्यों ने उन्हें पुष्प गुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया और नारी सशक्तिकरण के विषय पर विचार-विमर्श हुआ।
अशोक नगर महिला क्लब में हर वर्ष महिला दिवस के अवसर पर परिचर्चा आयोजित की जाती है। इस वर्ष परिचर्चा का विषय “राजनीति में महिलाओं की बढ़ती सक्रियता” रखा गया था। इस दौरान महिलाओं ने कहा कि आज महिलाएं राजनीति सहित हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
कार्यक्रम में महिला क्लब की अध्यक्षा श्रीमती शैल झा, उपाध्यक्षा श्रीमती अनुराधा कुमार, सचिव इंदु तिवारी, संयुक्त सचिव सुशीला सिंह समेत निदेशक मंडल की सदस्याएं मौजूद रहीं। कई वरिष्ठ सदस्याएं भी कार्यक्रम में शामिल हुईं और महापौर की एक झलक पाने को उत्साहित दिखीं।



