भीम आर्मी के 11वें स्थापना दिवस पर संगठन विस्तार और आगामी चुनावी रणनीति पर मंथन
रांची: राजधानी रांची के गोसनर कॉलेज ग्राउंड स्थित सभागार में मंगलवार को भीम आर्मी का 11वां स्थापना दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। समारोह में भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष संजय रविराज और आजाद हिंद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कासीम अहमद खान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद संगठन के नेताओं ने सामाजिक न्याय, संगठन विस्तार और आगामी चुनावों की रणनीति पर अपने विचार रखे।
प्रदेश अध्यक्ष संजय रविराज ने कहा कि भीम आर्मी का जनाधार लगातार पूरे देश में बढ़ रहा है। झारखंड में भी संगठन तेजी से विस्तार कर रहा है और जनता के बीच अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की सक्रियता के बल पर पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने सभी जिलों में संगठन को और सशक्त बनाने तथा गांव-गांव तक पहुंच बढ़ाने का आह्वान किया।
आजाद हिंद पार्टी (का) के प्रदेश अध्यक्ष कासिफ़ रजा सिद्दीकी ने कहा कि संगठन का मुख्य लक्ष्य आगामी पंचायत चुनाव में मजबूती से भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके बाद वर्ष 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तैयारी भी पूरी ताकत के साथ की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
समारोह में राज्य के विभिन्न जिलों से आए जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। उत्तर प्रदेश से आए लोक कलाकार सुदर्शन यादव ने अपने गीतों की प्रस्तुति से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया। कार्यक्रम का संचालन भीम आर्मी के वरीय महासचिव मधुसूदन कुमार ने किया। इस अवसर पर मुमताज अहमद खान, अजय सिंह चेरो, अधिवक्ता कृष्णा कुमार, रामगढ़ से संदीप कुमार,नीरज भोक्ता, अबू दरदा खान सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


