प्रदेश जेडीयू के महासचिव संजय कुमार सहाय ने दिया इस्तीफा,सीएम नीतीश कुमार को भेजा पत्र

रांची: झारखंड में जनता दल यूनाइटेड में इन दिनों सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। पहले पार्टी के झारखंड प्रभारी प्रवीण सिंह और उनके साथियों ने पार्टी से इस्तीफा दिया और फिर सोमवार को पार्टी के प्रदेश महासचिव संजय कुमार सहाय ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार को पत्र भेजा है। सोमवार को रांची प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए संजय कुमार सहाय ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में जंगलराज ,आतंकवाद, पाखंड राज मिटाना नया बिहार बनाना की लड़ाई के बाद नया बिहार का निर्माण तेजी से हो रहा है ।परंतु बिहार से अलग हुआ झारखंड राज्य में पार्टी की स्थिति ठीक नहीं है। स्व रमेश सिंह मुंडा की हत्या के बाद से पार्टी का जनाधार लगातार कम होता गया। पार्टी नेतृत्व ने हमेशा झारखंड में पार्टी की मजबूती के लिए हर संभव मदद किया। पिछले विधानसभा चुनाव में रांची विधानसभा से मैं चुनाव भी लड़ा। परंतु सफलता हाथ नहीं लगी। संजय सहाय ने कहा कि दुख इस बात का है कि 22 वर्षों में झारखंड में पार्टी नेतृत्व नहीं बन पाया। जनाधार वाले नेता लगातार पार्टी से अलग होते गए। अभी हाल में ही राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण सिंह ने पार्टी से अपनी उपेक्षा एवं सकारात्मक कार्य नहीं होने कारण पार्टी छोड़ दिया। झारखंड में पार्टी लगातार क्यों कमजोर होती गई, कौन लोग हैं जो पार्टी को बढ़ाना नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि पार्टी में कई ऐसे नेता हैं जो पार्टी हित में नहीं व्यक्तिगत हित साधने में लगे हुए हैं। संजय सहाय के साथ प्रदेश सचिव सुबोधकांत,पूर्व महानगर उपाध्यक्ष लंकेश सिंह,महासचिव पवन झा,सचिव बिनोद कुमार और संतोष वर्मा ने पार्टी से इस्तीफा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *