झारखंड भाजपा कार्यसमिति बैठकएक-एक भाजपा कार्यकर्ता कमर कस ले तो झारखंड भाजपा का होगा: नितिन नवीन
रांची: झारखंड भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक के उद्घाटन सत्र में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि यदि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता संकल्प लेकर कमर कस ले, तो झारखंड में भाजपा की सरकार बनने से कोई ताकत नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि जब विपरीत परिस्थितियों में भाजपा पश्चिम बंगाल में जीत हासिल कर सकती है, तो झारखंड तो पार्टी का गढ़ रहा है।
रांची के कांके-सुकुरहुटू स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में आयोजित बैठक में नितिन नवीन ने कांग्रेस पर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से युवाओं, छात्रों, कानून व्यवस्था और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक लोकतांत्रिक संघर्ष करने का आह्वान किया।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ झारखंड की जनता को भी मिल रहा है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा और आदिवासी समाज के सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने जनजातीय गौरव को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं से राज्य सरकार के खिलाफ मजबूती से संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार, खनिज संपदा की लूट और युवाओं के साथ अन्याय का आरोप लगाया। बैठक में बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, चंपाई सोरेन सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक से पहले नितिन नवीन का पारंपरिक झारखंडी रीति-रिवाज से स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़े, पाइका और छऊ नृत्य के साथ उनका अभिनंदन हुआ। प्रदेश के 31 सांगठनिक जिलों के अध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों के साथ बैठक कर उन्होंने संगठन को मजबूत करने का मार्गदर्शन भी दिया।


