राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ चुनाव लड़ने पर यशवंत सिन्हा पुनर्विचार करें

पटनाः राष्ट्रपति चुनाव को लेकर बिहार में पक्ष और विपक्ष के बीच बयानों के तीर चल रहे हैं। एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मु के पक्ष में जदयू, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के सभी घटक दलों ने अपनी सहमति देकर पीएम मोदी के फैसले का स्वागत किया है। वहीं मुख्य विपक्षी दल राजद यशवंत सिन्हा के साथ खड़ी है। इस मसले पर राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ चुनाव लड़ने पर यशवंत सिन्हा पुनर्विचार करें। मुर्मू आदिवासी महिला हैं और आदिवासी-बहुल झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। सुशील मोदी ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में मुख्य विपक्षी दल राजद यदि दलितों-पिछड़ों और आदिवासियों के हित की बात करता है, तो वह बताए कि उसे राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार एक आदिवासी महिला का समर्थन क्यों नहीं करना चाहिए। जपा-नेतृत्व वाले एनडीए ने पहले डा. एपीजे अब्दुल कलाम के रूप में एक मुस्लिम को राष्ट्रपति बनाया। उसके बाद दलित समाज के रामनाथ कोविंद को देश का सर्वोच्च आसन प्रदान किया गया। आजादी के बाद पहली बार एनडीए ने अब एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाने का संकल्प लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *