हेमंत सोरेन ने मां स्व. रूपी सोरेन की अस्थियां रजरप्पा में विसर्जित कीं

रांची:मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को अपनी दिवंगत माता स्व. रूपी सोरेन की अस्थियां रजरप्पा स्थित दामोदर-भैरवी नदी के पवित्र संगम तट पर विसर्जित कीं। उन्होंने सामाजिक रीति-रिवाज, मान्यताओं और परंपराओं के अनुरूप पूरी श्रद्धा के साथ अपनी माता की अस्थियों का विधिवत विसर्जन किया।
मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव नेमरा से गमगीन माहौल में माता की अस्थि कलश लेकर रजरप्पा स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचे। इसके बाद दामोदर-भैरवी नदी के संगम तट स्थित जाडंग बाहा तुपुनाई घाट पर संताली परंपरा और पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार अस्थियों का विसर्जन किया।
इस दौरान परगना बाबा जोगेश्वर सोरेन के नेतृत्व में मांझी बाबा बिन्दे सोरेन, लुगू गोडैत, सुरेन्द्र टुडू, पारानीक बाबा महावीर मुर्मू, सोमाय टुडू, जीतलाल मुर्मू सहित अन्य ने पारंपरिक विधि-विधान संपन्न कराया।
सभी धार्मिक एवं पारंपरिक अनुष्ठान पूरे करने के बाद मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के बीच वस्त्र का वितरण भी किया। अस्थि विसर्जन के दौरान मुख्यमंत्री के पारिवारिक सदस्य भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्व. रूपी सोरेन का संस्कार भोज 18 अक्टूबर को उनके पैतृक गांव नेमरा में संपन्न हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *