अलबर्ट एक्का चौक पर तैयार हुआ द्वारिकाधीश मंदिर का भव्य प्रारूप, 14 अक्टूबर को होगा उद्घाटन

रांची : राजधानी रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर इस वर्ष श्रद्धालुओं को द्वारिकाधीश मंदिर की भव्य झलक देखने को मिलेगी। चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति की ओर से इस बार द्वारिकाधीश मंदिर की तर्ज पर आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है। पंडाल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और अब श्रद्धालुओं को इसके भव्य स्वरूप का इंतजार है। 14 अक्टूबर को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू इस पूजा पंडाल का उद्घाटन करेंगे।
समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि पंडाल को भव्य और आकर्षक रूप देने के लिए पश्चिम बंगाल के दक्ष कारीगरों की मदद ली गई है। इसके निर्माण में करीब तीन महीने का समय लगा है। कारीगरों ने मंदिर की वास्तुकला और उसकी भव्यता को पंडाल में उकेरने का प्रयास किया है, ताकि श्रद्धालुओं को द्वारिकाधीश मंदिर की आकर्षक झलक देखने को मिले।
दिन के उजाले में पंडाल की भव्यता लोगों को आकर्षित कर रही है, वहीं रात होते ही रंग-बिरंगी रोशनी इसकी सुंदरता में चार चांद लगा देती है। पंडाल में तीन तरह की आकर्षक लाइटों की सजावट की गई है, जिससे इसका नजारा और भी मनमोहक हो जाता है।
पंडाल का आकर्षक स्वरूप देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी है। खासकर युवा और बच्चे यहां पहुंचकर सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। भव्य सजावट और आकर्षक रोशनी के कारण यह पूजा पंडाल शहरवासियों के बीच चर्चा का केंद्र बन गया है। दुर्गा पूजा के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *