ईचागढ़ के दिग्गज नेता खगेन महतो,कुमकुम देवी समेत कई हस्तियां भाजपा में शामिल, बाबूलाल मरांडी ने किया स्वागत
रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को आयोजित मिलन समारोह में ईचागढ़ के दिग्गज नेता खगेन महतो, परिंदा सिंह और कुमकुम देवी,बिंदु देवी समेत कई प्रमुख हस्तियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए इसे पार्टी संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, राकेश प्रसाद समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मंच का संचालन योगेंद्र प्रसाद ने किया, जबकि प्रदेश सदस्यता प्रभारी राजेश प्रसाद ने नए सदस्यों को ऑनलाइन सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत के निर्माण में सभी की भूमिका अहम होगी।
ईचागढ़ के वरिष्ठ नेता खगेन महतो ने भाजपा में शामिल होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का हिस्सा बनकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
बोकारो की परिंदा सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने झारखंड के वरिष्ठ नेता समरेश सिंह का उल्लेख करते हुए भाजपा से अपने जुड़ाव की बात कही।
वहीं, हजारीबाग की कुमकुम देवी ने भाजपा में शामिल होने को घर वापसी बताया। उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक जुड़ाव भाजपा से रहा है और वह आजीवन पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में सेवा करना चाहती हैं। उन्होंने कांग्रेस पर देश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को इसका जवाब देना चाहिए।
कार्यक्रम में विमल बैठा ने भी संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा।
नए सदस्यों का स्वागत करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अनुभवी नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए अनुच्छेद 370 हटाने, तीन तलाक के खिलाफ कानून और उग्रवाद पर नियंत्रण जैसे मुद्दों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए हैं।
मरांडी ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने के लिए जनता के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने वोट चोरी के आरोपों को विपक्ष की राजनीति का हिस्सा बताया।
झारखंड सरकार पर हमला बोलते हुए मरांडी ने कहा कि राज्य में थाना और अंचल स्तर पर भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राज्य में भाजपा को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने की अपील की।


