मरांडी के आरोप विपक्ष की हताशा, झूठ का पुलिंदा करार : विनोद पांडेय

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी द्वारा अवैध कोयला व्यापार पर लगाए गए आरोपों को झूठा, बेबुनियाद और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है। झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि मरांडी घबराहट में आरोपों की कहानी गढ़ रहे हैं, लेकिन झूठ को सौ बार बोलने से वह सच नहीं बन जाता। उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून का राज है और अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई होती है।

विनोद पांडेय ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि यदि किसी सरकार ने कोयला माफियाओं को बढ़ावा दिया है, तो वह भाजपा शासन ही था। मरांडी जिन ‘साइट फीस’, ‘हवाला रूट’ और ‘महाराजा-सेनापति’ की स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं, वह आरोप कम और फिल्मी कहानी अधिक लगती है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार अवैध खनन पर पिछले एक वर्ष में कड़ी कार्रवाई कर चुकी है, जो भाजपा को रास नहीं आ रही।

उन्होंने मरांडी के आरोपों को राजनीतिक हताशा बताया और कहा कि उनमें न तथ्य हैं, न सबूत। भाजपा सिर्फ सुर्खियों में बने रहने के लिए नए आरोप गढ़ रही है। सरकार हर जांच के लिए तैयार है, लेकिन आरोप तथ्य आधारित होने चाहिए।

विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा खुद कोयला कारोबारियों से जुड़ी रही है और कई मामलों में उसके नेताओं के नाम कोर्ट तक में दर्ज हैं। झामुमो ने स्पष्ट कहा कि झूठ फैलाकर सत्ता नहीं पाई जा सकती और सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *