र्गापूजा को लेकर डीसी-एसएसपी ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण
रांची : दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और विधि-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन एवं अन्य अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पूजा समितियों की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासनिक टीम ने आरआर स्पोर्टिंग क्लब, बकरी बाजार, राजस्थान मित्र मंडल, ओसीसी क्लब, जिला स्कूल रामलाला, चंद्रशेखर क्लब, कोकर, बूटी मोड़, चुटिया, हरमू पंच मंदिर और हरमू बाईपास रोड स्थित सत्य अमर लोक पूजा पंडाल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पंडाल की संरचना, अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, प्रवेश-निकास, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, यातायात, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। डीसी ने पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पंडालों में आपातकालीन निकास मार्ग अवरोधमुक्त रखने, पर्याप्त स्वयंसेवकों की तैनाती, महिला, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था तथा सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशासन ने पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।


