इंडिया गठबंधन के दोनों प्रत्याशी कल भरेंगे नामांकन, सीएम आवास में हुई अहम बैठक

रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को कांके स्थित मुख्यमंत्री आवास में इंडिया गठबंधन के नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्यसभा चुनाव के लिए गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इंडिया गठबंधन के दोनो प्रत्याशी सोमवार, 8 जून को राज्यसभा चुनाव के नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे। गठबंधन की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम तथा कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा हैं।
सूत्रों के अनुसार नामांकन के दौरान शक्ति प्रदर्शन भी किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक, गठबंधन के मंत्री, विधायक तथा अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। बैठक में चुनावी गणित और समर्थन जुटाने के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक के बाद सांसद सरफराज अहमद ने कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और राज्यसभा की दोनों सीटों पर गठबंधन उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी दल मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं और किसी प्रकार का मतभेद नहीं है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति में लगातार हलचल बनी हुई है। ऐसे में सोमवार को होने वाला नामांकन कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गठबंधन के नेता दोनों सीटों पर जीत का दावा कर रहे हैं जबकि विपक्ष भी चुनावी समीकरण पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *